'भीड़' से 'भोला' और 'भेड़िया' तक, इस हफ्ते OTT पर लगी है फिल्मों की लंबी लाइन
क्या है खबर?
हर हफ्ते OTT पर कोई ना कोई नई फिल्में या फिर वेब सीरीज स्ट्रीम होती हैं। इस महीने के चौथे हफ्ते में भी दर्शकों को मनोरंजन का तगड़ा डोज मिलने वाला है।
एक तरफ जहां सलमान खान अपनी फिल्म 'किसी का भाई किसी की जान' के जरिए OTT पर आगाज करने वाले हैं, वहीं वरुण धवन अपनी हिट फिल्म 'भेड़िया' के जरिए OTT पर दर्शकों का मनोरंजन करने वाले हैं।
एक नजर इन फिल्मों और वेब सीरीज पर।
#1
'किसी का भाई किसी की जान'
फिल्म का निर्देशन फरहाद सामजी ने किया है। इसमें सलमान की जोड़ी पूजा हेगड़े के साथ बनी है। यह फिल्म 21 अप्रैल को सिनेमाघरों में आई थी।
भले ही बॉक्स ऑफिस पर सलमान की इस फिल्म ने कुछ खास प्रदर्शन नहीं किया, लेकिन सलमान की फिल्म है, इसलिए उनके उन प्रशंसकों को खासतौर से OTT पर इसका इंतजार है, जो सिनेमाघरों में भाईजान की यह फिल्म देखने से चूक गए।
यह 26 मई को ZEE5 पर स्ट्रीम होगी।
#2
'भेड़िया'
कॉमेडी हॉरर फिल्म 'भेड़िया' बीते साल 24 नवंबर को रिलीज हुई थी। 60 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने 90 करोड़ रुपये कमाए थे।
अगर आप इसे सिनेमाघरों में देखने से चूक गए तो अब आप घर बैठे-बैठे इसका लुत्फ उठा सकते हैं।
दरअसल, वरुण धवन और कृति सैनन की यह फिल्म 26 मई को जियो सिनेमा पर रिलीज हो रही है। इस फिल्म के दूसरे भाग 'भेड़िया 2' का ऐलान भी हो चुका है।
#3
'भीड़'
निर्देशक अनुभव सिन्हा की फिल्म 'भीड़' को लेकर बड़ा विवाद हुआ था, लेकिन विवाद का भी इसे फायदा नहीं मिला। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फेल हो गई। इसमें राजकुमार राव और भूमि पेडनेकर मुख्य भूमिका में थे।
फिल्म 24 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 'भीड़' भले ही सिनेमाघरों में भीड़ जुटान में असफल रही, लेकिन यह अपने विषय को लेकर चर्चा में खूब रही थी।
फिल्म 24 मई को नेटफ्लिक्स पर दस्तक दे चुकी है।
#4
'सिर्फ एक बंदा काफी है'
ZEE5 पर इस हफ्ते 23 मई को मनोज बाजपेयी की फिल्म 'सिर्फ एक बंदा काफी है' स्ट्रीम हुई है। यह एक सच्ची घटना से प्रेरित फिल्म है, जिसमें मनोज ने अपने लाजवाब अभिनय से सबका दिल जीत लिया है। उन्हें दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी वाहवाही मिली है।
फिल्म में उन्होंने देश के सबसे ईमानदार वकीलों में एक पूनम चंद सोलंकी का किरदार निभाया और नजमा लूट लिया। फिल्म का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है।
#5
'भोला'
अजय देवगन की फिल्म 'भोला' ने 30 मार्च को सिनेमाघरों में दस्तक दी थी, लेकिन यह बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकी।
अब 'भोला' ने OTT प्लेटफॉर्म पर दस्तक दे दी है। इसका प्रीमियर 25 मई को अमेजन प्राइम वीडियो पर हो गया है।
'भोला' में अजय के अलावा तब्बू, दीपक डोबरियाल, गजराज राव, विनीत कुमार और संजय मिश्रा सहित कई सितारे शामिल हैं। यह तमिल भाषा में बनी हिट फिल्म 'कैथी' का हिंदी रीमेक है।
#6
'ऑपरेशन मेफेयर'
'ऑपरेशन मेफेयर' सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म के हीरो जिमी शेरगिल हैं।
इसकी कहानी लंदन में दिखाई गई है। इसमें जिमी का किरदार एक पुलिस इनवेस्टिगेटर का है और कत्ल के केस की जांच करता है। फिल्म का निर्देशन सुदीप्तो सरकार ने किया है। यह फिल्म 24 मई को नेटफ्लिक्स पर आई है।
जिमी को आखिरी बार 2021 में रिलीज हुई क्राइम थ्रिलर फिल्म 'कॉलर बॉम्ब' में देखा गया था
#7
'दसरा'
'दसरा' हिंदी में भी रिलीज हो गई है। इसमें नानी ने मुख्य भूमिका निभाई है। फिल्म 25 मई को नेटफ्लिक्स पर आई है। यह तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में इस OTT प्लेटफॉर्म पर पहले ही मौजूद है।
सिनेमाघरों में रिलीज के बाद दर्शकों से इस फिल्म को काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी। तभी से हिंदी भाषी दर्शक इसके हिंदी में रिलीज होने का इंतजार कर रहे थे। इस फिल्म में नानी के काम की बड़ी तारीफ हुई है।
#8
'सिटी ऑफ ड्रीम्स 3'
डिज्नी प्लस हॉटस्टार की लोकप्रिय सीरीज 'सिटी ऑफ ड्रीम्स' के फैंस के लिए अच्छी खबर है। इस सीरीज का विस्तार करते हुए निर्माता इसका तीसरा सीजन लेकर आए हैं, जो 26 मई से स्ट्रीम होने वाला है।
यह पॉलिटिकल थ्रिलर सीरीज है, जिसमें अतुल कुलकर्णी, प्रिया बापट और सचिन पिलगांवकर मुख्य भूमिकाओं में हैं। नागेश कुकुनूर इस नए सीजन के निर्देशक हैं।
शो के पिछले दोनों सीजन को दर्शकों का खूब प्यार मिला था।
#9
'क्रैकडाउन सीजन 2'
साकिब सलीम की सीरीज 'क्रैकडाउन' का दूसरा सीजन 24 मई से जियो सिनेमा पर स्ट्रीम किया जा रहा है। इसमें दर्शकों को दिल दहला देने वाले एक्शन सीन देखने को मिलेंगे।
अपूर्व लखिया की इस सीरीज में साकिब के अलावा मोहम्मद इकबाल खान और श्रिया पिलगांवकर मुख्य भूमिकाओं में हैं।
दूसरे सीजन में फ्रेडी दारूवाला, हेमंत खेर और सचिन पारिख जैसे कलाकार भी हैं। इस स्पाई एक्शन सीरीज क पहले सीजन पर भी दर्शकों ने खूब प्यार लुटाया था।
जानकारी
'सिटाडेल'
अमेजन प्राइम वीडियो पर 26 मई को प्रियंका चोपड़ा और हॉलीवुड स्टार रिचर्ड मैडन की वेब सीरीज 'सिटाडेल' का छठा और आखिरी एपिसोड रिलीज किया जाएगा। यह एक स्पाई सीरीज है, जिसमें प्रियंका एक जासूस के किरदार में हैं। यह उनकी पहली वेब सीरीज है।
सिनेमाघर
सिनेमाघरों का रुख करेंगी ये फिल्में
नवाजुद्दीन सिद्दीकी की फिल्म 'जोगीरा सारा रा रा' 26 मई को सिनेमाघरों का दरवाजा खटखटाएगी। इसमें नवाज की जोड़ी अभिनेत्री नेहा शर्मा के साथ बनी है। कॉमेडी से लबरेज इस फिल्म का ट्रेलर दर्शकों को बेहद पसंद आया था।
दूसरी तरफ जिमी शेरगिल फिल्म 'आजम' के साथ 26 मई को हीF सिनेमाघरों में हाजिर होंगे। 'आजम' माफिया डॉन के उत्तराधिकारी पर बुनी गई है, जिसका नाम आजम है। फिल्म की कहानी सत्ता, विश्वासघात और साजिश पर आधारित होगी।