Page Loader
CBSE: 12वीं के छात्र ऐसे पढ़ें इतिहास, तथ्यों को याद करने में काम आएगी ये तकनीक
CBSE 12वीं के छात्र कैसे पढ़ें इतिहास? (तस्वीरः फ्रीपिक)

CBSE: 12वीं के छात्र ऐसे पढ़ें इतिहास, तथ्यों को याद करने में काम आएगी ये तकनीक

लेखन राशि
Nov 15, 2023
10:43 am

क्या है खबर?

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं नजदीक आ रही हैं। ऐसे में सभी छात्र तैयारी में जुटे हैं। मानविकी संकाय से परीक्षा देने वाले छात्रों के लिए इतिहास एक बेहद महत्वपूर्ण विषय है। इतिहास तथ्यों और घटनाओं से भरा विषय है, इसकी जानकारियों को याद करने में अधिकांश उम्मीदवार काफी कठिनाई महसूस करते हैं। आइए जानते हैं 12वीं के छात्र इतिहास की तैयारी कैसे कर सकते हैं।

पाठ्यक्रम

इतिहास का पाठ्यक्रम क्या है?

इतिहास के पाठ्यक्रम में भारतीय इतिहास के विषय वस्तु (भाग 1, भाग 2 और भाग 3) और नक्शा है। इतिहास विषय वस्तु भाग 1 में हड़प्पा सभ्यता, प्रारंभिक राज्य और अर्थव्यवस्थाएं, प्रारंभिक समाज, विचारक, सांस्कृतिक विकास है। दूसरे भाग में समाज की धारणाएं, भक्ति-सूफी परंपराएं, विजयनगर साम्राज्य, किसान, जमींदार और मुगल साम्राज्य जैसे खंड हैं। तीसरे भाग में उपनिवेशवाद और ग्रामीण इलाके, विद्रोही और राज, 1857 का विद्रोह, महात्मा गांधी और राष्ट्रीय आंदोलन, संविधान का निर्माण संबंधी खंड शामिल हैं।

सैंपल

सैंपल पेपर हल करें

इतिहास की तैयारी के लिए सबसे पहले सैंपल पेपर हल करें और पता लगाएं कि आपको संबंधित विषय की कितनी जानकारी है। अपनी तैयारी का स्तर जानें और कठिनाई वाले टॉपिकों की पहचान करें। पिछले साल के प्रश्नपत्र हल कर अंकन योजना समझें। अब सभी महत्वपूर्ण टॉपिकों की पहचान कर उन्हें कॉपी में नोट करें। पढ़ाई करते समय इस सूची को अपने साथ रखें और सभी टॉपिकों को क्रम के अनुसार पढ़ें।

तैयारी

अभी से शुरू करें तैयारी

इतिहास का पाठ्यक्रम बड़ा है, जिसे पूरा करने में समय लगता है, इसलिए उम्मीदवार परीक्षा नजदीक आने का इंतजार न करें। उम्मीदवार अभी से ही परीक्षा की तैयारी शुरू कर दें। इससे आपके पास पढ़ने का ज्यादा समय होगा और आप सभी महत्वपूर्ण भागों को कवर कर पाएंगे। इतिहास को इस गति से पढ़ें कि आप परीक्षा से पहले कम से कम 2 बार पूरे पाठ्यक्रम का रिवीजन कर सकें। इससे अच्छे अंक लाने में मदद मिलेगी।

फ्लैश कार्ड

फ्लैश कार्ड बनाएं

इतिहास में कई सारे नाम और तारीखें शामिल हैं, इन्हें याद करने पर अधिकांश छात्र भ्रमित हो जाते हैं। बेहतर रहेगा कि छात्र हर काल के लिए अलग-अलग नोट्स और फ्लैशकार्ड बनाएं। इनकी मदद से इतिहास के आवश्यक पहलुओं को आसानी से दोहराने में मदद मिलेगी। राजाओं और अलग-अलग काल की जानकारियों को याद रखने के लिए रंगीन फ्लैशकार्ड बनाएं। इसे स्टडी टेबल के पास चिपका लें। इससे रिवीजन करना काफी आसान होगा।