Page Loader
BTech से किस तरह अलग है Bio Tech? जानिए दोनों के बीच अंतर
BTech से किस तरह अलग है Bio Tech? (तस्वीरः फ्रीपिक)

BTech से किस तरह अलग है Bio Tech? जानिए दोनों के बीच अंतर

लेखन राशि
Jul 15, 2023
04:08 pm

क्या है खबर?

12वीं के बाद करियर विकल्प के रूप में कई छात्र इंजीनियरिंग और प्रौद्योगिकी का क्षेत्र चुनते हैं। डिजीटलीकरण के दौर में इन दोनों क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़े हैं। इस क्षेत्र के 2 प्रमुख पाठ्यक्रम हैं बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी (BTech) और बायो टेक्नोलॉजी (Bio Tech)। BTech में अधिकांश 4 वर्षीय इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम होते हैं, जबकि Bio Tech में इंजीनियरिंग के साथ 3 वर्षीय डिग्री कोर्स भी किया जा सकता है। आइए दोनों पाठ्यक्रमों के बारे में जानते हैं।

अध्ययन

अध्ययन क्षेत्र और पाठ्यक्रम

BTech और Bio Tech का अध्ययन क्षेत्र अलग-अलग है। BTech का अध्ययन क्षेत्र कंप्यूटर विज्ञान, सिविल, मैकेनिकल आदि जैसे इंजीनियरिंग विषयों पर केंद्रित है। इसमें छात्रों को इंजीनियरिंग सिद्धांतों से संबंधित तकनीकी विषयों को पढ़ना होता है। Bio Tech स्वास्थ्य देखभाल, कृषि और पर्यावरण विज्ञान जैसे क्षेत्रों में जीव विज्ञान के अनुप्रयोगों पर आधारित है। इसमें छात्र जीव विज्ञान, अनुवांशिकी, सूक्ष्म जीव विज्ञान, जैव प्रसंस्करण, जैव रसायन संबंधित विषय को पढ़ते हैं।

करियर

करियर संभावनाएं

BTech स्नातकों के पास सॉफ्टवेयर विकास, मैकेनिकल डिजाइन, निर्माण और दूरसंचार जैसे इंजीनियरिंग क्षेत्रों में करियर के अवसर मौजूद हैं। आप सॉफ्टवेयर इंजीनियर, डेटा विश्लेषक आदि के रूप में काम कर सकते हैं। Bio Tech स्नातकों के पास बायोफार्मास्युटिकल, अनुसंधान, कृषि और स्वास्थ्य सेवा उद्योगों में रोजगार हासिल करने के अवसर होते हैं। इसमें आप जेनेटिक इंजीनियर, बायोकेमिस्ट, अनुसंधान वैज्ञानिक के रूप में काम कर सकते हैं। हालांकि, इन दोनों ही क्षेत्रों में अनुसंधान के लिए भी रास्ते खुलते हैं।

विशेषज्ञता

विशेषज्ञता के अवसर

BTech में कई विशेष पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। सॉफ्टवेयर और मैकेनिकल स्ट्रीम के अलावा आप कंप्यूटर विज्ञान, एयरोनॉटिकल इंजीनियरिंग, ऑटोमोबाइल, मशीन लर्निंग, फोरेंसिक, ग्राफिक्स, साइबर सुरक्षा, गेमिंग टेक्नोलॉजी, डेटा साइंस जैसे क्षेत्रों में भी विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं। Bio Tech में छात्र पादप जैव प्रौद्योगिकी, लैब पाठ्यक्रम, जैव सूचना विज्ञान, खाद्य जैव प्रौद्योगिकी, पशु जैव प्रौद्योगिकी, ड्रग डिजाइनिंग, जैव उर्वरक और जैव कीटनाशक, DNA प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्र में विशेषज्ञता हासिल कर सकते हैं।

प्रवेश

प्रवेश मानदंड

BTech पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए उम्मीदवारों को फिजिक्स, केमिस्ट्री और गणित विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है, जबकि Bio Tech कार्यक्रम में लिए फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी के साथ 12वीं पास युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है। शीर्ष संस्थानों के BTech पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (JEE मेन), JEE एडवांस्ड, BITSAT जैसी परीक्षाएं होती हैं, जबकि Bio Tech पाठ्यक्रम के लिए JEE के अलावा अलग-अलग संस्थान जैव प्रौद्योगिकी प्रवेश परीक्षा भी आयोजित करते हैं।