Page Loader
CSIR UGC NET का सितंबर में होगा आयोजन, जानें योग्यता
CSIR UGC NET का सितंबर में होगा आयोजन

CSIR UGC NET का सितंबर में होगा आयोजन, जानें योग्यता

लेखन तौसीफ
Jun 28, 2022
02:14 pm

क्या है खबर?

राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) की तरफ से वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) में एडमिशन के लिए विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (NET) 2022 का आयोजन सितंबर में किया जाएगा। यह जानकारी CSIR के अंतर्गत आने वाले ह्यूमन रिसोर्स डवलपमेंट ग्रुप (HRDG) की तरफ से सोशल मीडिया पर साझा की गई है। अब NTA जल्द ही CSIR NET की आधिकारिक वेबसाइट पर परीक्षा के आवेदन की तारीख और अन्य जानकारियां साझा करेगा।

परीक्षा

जल्द जारी होगा CSIR UGC NET का पूरा परीक्षा कार्यक्रम

अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर CSIR, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह और विभाग से संबंधित अन्य अधिकारियों को टैग करते हुए HRDG ने लिखा, 'आगामी CSIR NET परीक्षा सितंबर, 2022 के महीने में NTA के सहयोग से आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा से संबंधित पूरा कार्यक्रम आने वाले समय में साझा किया जाएगा।' बता दें कि आखिरी बार CSIR NET का आयोजन 29 जनवरी, 15 फरवरी, 16 फरवरी और 17 फरवरी को किया गया था।

CSIR

CSIR UGC NET क्या है?

CSIR UGC NET का आयोजन साइंस मेजर उम्मीदवारों के लिए किया जाता है। इसके तहत देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों में जूनियर रिसर्च फैलोशिप (JRF) और लेक्चरशिप के पदों पर चयन किया जाता है। यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती है। CSIR UGC NET का आयोजन पांच विषयों, रासायनिक विज्ञान, जीवन विज्ञान, पृथ्वी विज्ञान, गणितीय विज्ञान, भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान, के लिए किया जाता है।

योग्यता

परीक्षा के लिए योग्यता और आयु सीमा क्या होनी चाहिए?

इस परीक्षा के लिए आवेदन वाले उम्मीदवार का MSc या समकक्ष डिग्री, एकीकृत BS-MS, BS-4 वर्ष, BE, BTech, BPharm या MBBS पास होना अनिवार्य है। सामान्य (अनारक्षित) और OBC उम्मीदवारों के लिए कम से कम 55 प्रतिशत अंकों के साथ और SC-ST, दिव्यांग उम्मीदवारों के लिए 50 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होनी अनिवार्य है। बता दें कि JRF के लिए अधिकतम आयु सीमा 28 वर्ष से कम है। वहीं लेक्चरशिप (NET) के लिए कोई अधिकतम आयु सीमा नहीं है।

पैटर्न

परीक्षा पैटर्न कैसा होगा?

इस परीक्षा में कुल तीन भाग होंगे। भाग ए में सामान्य योग्यता के 20 प्रश्न होंगे। छात्रों को इनमें से 15 प्रश्नों का उत्तर देना होगा जो दो-दो अंक के होंगे। भाग बी में विषय से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। यह खंड 70 अंकों का होगा और 20-35 प्रश्नों को हल करना होगा। भाग सी में उच्च अंक वाले प्रश्न होंगे जो उम्मीदवार के वैज्ञानिक अवधारणाओं के ज्ञान और वैज्ञानिक अवधारणाओं के अनुप्रयोग की जांच करेंगे।