GST से एक परिवार को हर महीने हो रही 320 रुपये की बचत: वित्त मंत्रालय

केंद्र सरकार ने 1 जुलाई, 2017 से वस्तु एवं सेवा कर (GST) व्यवस्था को लागू किया था। आंकड़ों के मुताबिक, GST लागू होने के बाद औसत भारतीय परिवार को दैनिक जरूरतों के सामान की खरीद पर हर महीने Rs. 320 की बचत हो रही है। वित्त मंत्रालय ने यह जानकारी उपभोक्ता व्यय के आंकड़ों के आधार पर दी है। एक्साइज ड्यूटी, बिक्री कर और VAT समेत 17 तरह के टैक्स को खत्म कर GST व्यवस्था लागू की गई थी।
GST के बाद ना सिर्फ टैक्स में एकरूपता आई है बल्कि टैक्स पर टैक्स लगने वाली व्यवस्था भी खत्म हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, GST की वजह से दैनिक जरूरतों वाले सामानों पर लगने वाला टैक्स भी कम हुआ है। इस वजह से लोगों को बचत भी हो रही है। GST से पहले और बाद में उपभोक्ता व्यय पर किए गए विश्लेषण के मुताबिक रोजमर्रा की जरूरतों वाली 83 चीजों पर लगने वाले टैक्स कम हुए हैं।
अगर एक परिवार राशन पर हर महीने लगभग Rs. 8,400 खर्च करता है तो GST से पहले इस पर Rs. 830 का टैक्स लगता था। GST के बाद Rs. 510 का टैक्स लगता है। इस तरह हर महीने टैक्स के Rs. 320 बच रहे हैं।
GST से पहले केंद्र सरकार किसी फैक्ट्री में उत्पाद के उत्पादन पर एक्साइज ड्यूटी और राज्य सरकार उस पर वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) वसूलती थी। यानी उपभोक्ता को न सिर्फ उत्पाद की कीमत पर VAT देना होता था बल्कि उस पर केंद्र सरकार की लगाई गई एक्साइज ड्यूटी पर भी VAT देना पड़ता था। GST लागू होने के बाद यह व्यवस्था खत्म हो गई है। अब उत्पाद के उपयोग या किसी सेवा की खरीद के समय ही टैक्स लगता है।