Page Loader
अप्रैल में 10 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा उत्पादन, जानिए क्या है कारण 
पिछले महीने भारत के विनिर्माण क्षेत्र ने बढ़त हासिल की है (तस्वीर: पिक्साबे)

अप्रैल में 10 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंचा उत्पादन, जानिए क्या है कारण 

May 02, 2025
04:48 pm

क्या है खबर?

वैश्विक अनिश्चितता के बीच अप्रैल में भारत का विनिर्माण क्षेत्र पिछले 10 महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है, जो अर्थव्यवस्था में मजबूती का संकेत देती है।

उत्पादन में जून, 2024 के बाद सबसे अधिक बढ़ोतरी हुई। एक सर्वे के अनुसार, अप्रैल में HSBC भारत विनिर्माण क्रय प्रबंधक सूचकांक (PMI) बढ़कर 58.2 पर हो गया, जो मार्च में 58.1 था।

PMI स्कोर 50 के ऊपर रहना उत्पादन में वृद्धि दर्शाता है, जबकि नीचे रहना गिरावट का सूचक है।

कारण 

इस कारण उत्पादन बढ़ा 

नए ऑडर्स में बढ़ोतरी की वजह से उत्पादन में सुधार देखा गया है। घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों ही मांगों से विनिर्माण क्षेत्र की वृद्धि में मदद मिली है।

सर्वे की मानें तो अंतरराष्ट्रीय मांगों में इजाफा होने की वजह से कुल बिक्री बढ़ी है।

सर्वे के सवालों के जवाब में प्रतिभागियों ने बताया कि विदेशों से मिले नए कारोबार में पिछले 14 साल में सबसे ज्यादा इजाफा 2025-26 की शुरुआत में देखा गया है।

निर्यात 

निर्यात में भी हुआ इजाफा 

HSBC के मुख्य अर्थशास्त्री प्रांजुल भंडारी का कहना है कि नए निर्यात ऑर्डर में अप्रैल के दौरान बढ़त देखी गई है।

यह भारत में उत्पादन में बदलाव की ओर इशारा कर रहा है। इससे रोजगार और क्रय में इजाफा हुआ है।

इसके साथ ही विदेशों में भारतीय वस्तुओं की मजबूत मांग ने कंपनियों को कीमतों के मोर्चे पर मूल्य निर्धारण करने में मदद की है, जिससे 2013 के अक्टूबर के बाद बिक्री शुल्क काफी बढ़ गया।