
ऐपल भारत में खोलेगी 4 नए स्टोर, जानिए कब होगी शुरुआत
क्या है खबर?
ऐपल ने अपने खुदरा बिक्री स्टोर के विस्तार का दूसरा चरण आधिकारिक तौर पर इस साल के अंत में शुरू करने की पुष्टि की है।
नए स्टोर खुलने से उसकी पहुंच और ग्राहकों से जुड़ाव बढ़ेगा। वर्तमान में उसके 2 स्टोर हैं, लेकिन जल्द ही इनमें 4 और जुड़ जाएंगे।
इससे खरीदारों को आईफोन से लेकर मैक, ऐपल वॉच और आईपैड तक ऐपल डिवाइस की एक विस्तृत श्रृंखला का अनुभव करने और खरीदने के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे।
बयान
कंपनी ने क्या कहा?
कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) टिम कुक ने वित्तीय वर्ष 2025 की दूसरी तिमाही की आय कॉल के दौरान इसकी घोषणा की है।
उन्होंने कहा, "हम UAE में एक नया रिटेल स्टोर, सऊदी अरब में ऑनलाइन स्टोर की शुरुआत और इस साल के अंत में भारत में नए रिटेल स्टोर खोलने की भी उम्मीद कर रहे हैं।"
इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा, "हमने भारत समेत दुनिया भर के देशों में कई तिमाही रिकॉर्ड बनाए हैं।"
स्थान
इन शहरों में खुलेंगे स्टोर
भारत में ऐपल स्टोर कहां खोले जाएंगे, इसके सटीक स्थान का खुलासा नहीं किया गया है, लेकिन संभावना है कि ये पुणे, दिल्ली NCR, मुंबई और बेंगलुरु में खोले जा सकते हैं।
इस साल की शुरुआत में कंपनी ने इन स्टोर के लिए भर्ती शुरू कर दी थी।
भारत में ऐपल की खुदरा बिक्री 2020 में ऑनलाइन स्टोर से शुरू हुई। अप्रैल, 2023 में कंपनी ने मुंबई (BKC) और दिल्ली (साकेत) से ऐपल स्टोर की शुरुआत की है।