हमास-इजरायल युद्ध: याह्या सिनवार के शव की पहचान कैसे हुई और हमास का अगला प्रमुख कौन?
हमास के खिलाफ लड़ाई में इजरायल को बड़ी सफलता हाथ लगी है। इजरायली रक्षा बलों ने हमास के मुखिया याह्या सिनवार को मार गिराया है। इजरायल ने सिनवार के शव की पहचान करने के लिए DNA का सहारा लिया। इस बीच सबसे बड़ा सवाल है कि क्या गाजा पट्टी में अब युद्धविराम होगा और हमास की कमान अब कौन संभालेगा? आइए जानते हैं हमास का मुखिया बनने के दावेदार कौन-कौन हैं।
महमूद अल जहर का नाम सबसे आगे
हमास के संस्थापक और वरिष्ठ सदस्य महमूद अल जहर को सिनवार के उत्तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा है। रूढ़िवादी और कट्टर विचारधारा वाले महमूद को हमास के भीतर प्रमुख नेता माना जाता है। द हिल के अनुसार, 2006 में उन्हें फिलिस्तीनी विधान परिषद का सदस्य चुना गया था और हमास का पहला विदेश मंत्री नियुक्त किया गया था। साल 1992 से 2003 तक इजरायल ने कई बार महमूद को मारने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका।
सिनवार के भाई का नाम भी रेस में
सिनवार की जगह लेने वाले संभावित नामों में उनके भाई मोहम्मद सिनवार का नाम भी चर्चा में है। मोहम्मद की हमास के सैन्य अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका रही है और कई बार वो इजरायली हमलों से बच निकला है। CNN से बात करते हुए एक अमेरिकी अधिकारी ने मोहम्मद को अपने भाई के समान विचारधारा वाला बताते हुए कहा कि अगर उन्हें अगला प्रमुख चुना जाता है तो बातचीत गड़बड़ा जाएगी।
मौसा अबू मार्जुक भी दावेदार
हमास की राजनीतिक ब्यूरो के वरिष्ठ सदस्य मौसा अबू मार्जुक भी हमास के प्रमुख बन सकते हैं। उन्होंने 1980 के दशक में फिलिस्तीन मुस्लिम ब्रदरहुड से अलग होने के बाद हमास को स्थापित करने में मदद की थी। मार्जुक कभी हमास के राजनीतिक ब्यूरो के प्रमुख थे। आतंकवादी गतिविधियों में भागीदारी के लिए वे 90 के दशक में जेल में भी रहे हैं। माना जाता है कि मार्जुक अभी जॉर्डन में है।
ये नाम भी चर्चा में
एक नाम खालिद मशाल का भी है। मशाल हमास के पूर्व नेता रह चुके हैं और करीब एक दशक तक संगठन का नेतृत्व कर चुके हैं। हालांकि, सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल-असद के खिलाफ विद्रोह का समर्थन करने की वजह से उनका दावा कमजोर माना जा रहा है। हमास के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य खलील अल-हय्या का नाम भी चर्चा में है। वे हमास की ओर से इजरायल के साथ शांति वार्ता के प्रमुख वार्ताकार रहे हैं।
इजरायल ने कैसे की शव की पहचान?
इजरायली सैनिकों को पता नहीं था कि उन्होंने सिनवार को मार गिराया है। अगले दिन वे इमारत में घुसे तो उन्हें सिनवार जैसा दिखने वाला एक शव मिला। दरअसल, सिनवार कई सालों तक इजरायल की जेल में बंद था। जेल में ही सिनवार को ब्रेन ट्यूमर हो गया था, जिसके बाद उसकी सर्जरी की गई थी। इस दौरान उसकी उंगलियों के निशान और अन्य मेडिकल जांचें की गई थीं। इन्हीं से मिलान कर सिनवार की मौत की पुष्टि की गई।