#NewsBytesExplainer: क्या है APEC, जिसमें शामिल होने के लिए चीन में जुटे ट्रंप-पुतिन समेत कई दिग्गज?
क्या है खबर?
चीन के शेनझेन में 18 और 19 नवंबर को APEC यानी एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग देशों का शिखर सम्मेलन हो रहा है। इसमें शामिल होने के लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समेत कई बड़े नेता चीन पहुंच चुके हैं। इस दौरान सबकी नजरें 19 नवंबर को होने वाली चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन की बैठक पर रहेंगी। आइए APEC के बारे में जानते हैं।
स्थापना
क्या है APEC?
APEC की स्थापना साल 1989 में ऑस्ट्रेलिया की राजधानी कैनबरा में 12 देशों के बीच एक अनौपचारिक संवाद मंच के रूप में हुई थी। इसका उद्देश्य एशिया प्रशांत क्षेत्र में व्यापार और निवेश को बढ़ाना है।
इस संगठन में फिलहाल 21 देश हैं और इसका मुख्यालय सिंगापुर में है। भारत इसका सदस्य नहीं है।
APEC को एशिया प्रशांत क्षेत्र में सबसे अहम बहुपक्षीय गुट और सबसे पुराना मंच माना जाता है।
आकार
कितना बड़ा है APEC?
APEC में फिलहाल ऑस्ट्रेलिया, ब्रुनेई, कनाडा, चिली, चीन, हांगकांग, इंडोनेशिया, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया, मेक्सिको, न्यूजीलैंड, पापुआ न्यू गिनी, पेरू, फिलीपींस, रूस, सिंगापुर, चीनी ताइपे, थाईलैंड, अमेरिका और वियतनाम शामिल है।
इन देशों की वैश्विक GDP में लगभग 62 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार में लगभग आधी हिस्सेदारी है।
APEC देशों में दुनिया की करीब 37 प्रतिशत आबादी रहती है। अमेरिका, रूस, जापान और चीन जैसे बड़े देश इसके सदस्य हैं।
शिखर सम्मेलन
चीन तीसरी बार कर रहा शिखर सम्मेलन की मेजबानी
हर साल APEC का शिखर सम्मेलन होता है। इस बार ये सम्मेलन 18 और 19 नवंबर को चीन के शेनझेन में हो रहा है। इसमें अमेरिका, चीन, रूस, जापान, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, सिंगापुर और इंडोनेशिया समेत 21 देशों के नेता शामिल हो रहे हैं।
चीन 12 साल बाद तीसरी बार इस सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।
इस साल सम्मेलन की थीम है- 'बिल्डिंग एशिया-पैसिफिक कम्युनिटी टू प्रॉस्पर टुगेदर' यानी मिलकर तरक्की करने वाला एशिया-पैसिफिक समुदाय।
नेता
शेनझेन शिखर सम्मेलन में कौन-कौन शामिल हो रहा है?
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी, मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शिनबाम, फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर, जापान की प्रधानमंत्री सानाए ताकाइची, रूस के राष्ट्रपति पुतिन, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप और पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे समेत कई नेता चीन पहुंच चुके हैं।
ताइवान ने अपना प्रतिनिधि चीन भेजा है। कंप्यूटर कंपनी एसर के संस्थापक स्टैन शिह एक प्रतिनिधिमंडल के साथ शेनझेन में हैं।
इस दौरान कई द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी।
मुद्दे
किन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा?
सम्मेलन में ईरान और यूक्रेन युद्ध, ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार प्रवाह, सप्लाई चेन और महंगाई से जुड़े जोखिमों पर चर्चा होगी।
पूरी दुनिया की नजरें कल होने वाली ट्रंप, पुतिन और जिनपिंग की बैठक पर होगी। चीन ने इसे विश्व शांति और स्थिरता को बढ़ावा देने की दिशा में बेहद जरूरी कदम बताया है।
इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), टैरिफ, चीन-अमेरिका संबंध, चीन के जापान और फिलीपींस के साथ संबंध जैसे मुद्दे भी चर्चा होने की उम्मीद है।
भारत
भारत क्यों नहीं है APEC का सदस्य?
भारत ने APEC में शामिल होने की इच्छा जताई है। इसका अमेरिका, दक्षिण कोरिया, ऑस्ट्रेलिया और पापुआ न्यू गिनी ने समर्थन भी किया है।
हालांकि, भारत को अभी तक सदस्यता नहीं मिली है। इसकी एक बड़ी वजह ये बताई जाती है कि भारत की सीमा प्रशांत महासागर से नहीं लगती है, जबकि APEC के सभी मौजूदा सदस्य देश प्रशांत महासागर से सटे हैं।
नवंबर 2011 में भारत को पहली बार एक पर्यवेक्षक के रूप में आमंत्रित किया गया था।