बांग्लादेश में आवामी लीग के कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी से भड़की हिंसा, थाने में लगाई आग
क्या है खबर?
बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की दिसंबर में वापसी से पहले ही हालात तनावपूर्ण हो गए हैं। गोपालगंज की तुंगीपाड़ा पुलिस ने मंगलवार को आवामी लीग के कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद नाराज लोग थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने के एक हिस्से में आग लगा दी और वाहनों को आग के हवाले कर दिया। घटना मंगलवार देर शाम की है। इससे पहले लोगों ने जुलूस निकालकर पुलिस थाने को घेर लिया था।
तनाव
मस्जिद से ऐलान कर लोगों को थाने बुलाया
द डेली स्टार के मुताबिक, बांग्लादेश में प्रतिबंधित अवामी लीग के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गैर-कानूनी गतिविधि के आरोप में गिरफ्तार किया था।
इसकी खबर जैसे फैली, लीग और उससे जुड़े छात्र लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्थानीय मस्जिद से ऐलान करके लोगों को तुंगीपाड़ा थाने पहुंचने को कहा।
इसके बाद भीड़ ने जुलूस की शक्ल में पहुंचकर थाने को घेर लिया और उसमें आग लगा दी। कम से कम पुलिस के 3 वाहन जलकर खाक हुए हैं।
सख्ती
पुलिस ने रबर की गोलियां दागी
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए साउंड ग्रेनेड, आंसू गैस के गोले और रबर की गोलियां दागी।
बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी मौके पर थाना छोड़कर भाग खड़े हुए, जिससे गुस्साए कार्यकर्ताओं को थाने में दाखिल होने और आगजनी का मौका मिल गया।
हिंसक भीड़ ने गिरफ्तार कार्यकर्ताओं को भी छुड़ा लिया है। घटना से इलाके में तनाव का माहौल है।
ट्विटर पोस्ट
पुलिस थाने में आग
VIDEO | Bangladesh: An attack on a police station in Tungipara, Gopalganj on Tuesday evening left parts of the premises and police vehicles set on fire.
— Press Trust of India (@PTI_News) November 17, 2026
The violence erupted after police arrested several Awami League activists. Supporters surrounded the station, clashed with… pic.twitter.com/u4lU0ZWtCx