महेंद्र सिंह धोनी के IPL से संन्यास: रोहित, बुमराह और वैभव सूर्यवंशी ने दी भावुक विदाई
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज और चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने बतौर खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) को अलविदा कह दिया है। CSK ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक पुष्टि की। वह अब CSK में टीम मेंटर की भूमिका निभाएंगे। धोनी के संन्यास की घोषणा के बाद क्रिकेट जगत की कई बड़ी हस्तियों और युवा खिलाड़ियों ने सोशल मीडिया पर उन्हें शुभकामनाएं दीं और उनके साथ बिताए पलों को याद किया।
बधाई
रोहित ने धाेनी को दी बधाई
मुंबई इंडियंस (MI) के पूर्व कप्तान और IPL में धोनी के कड़े प्रतिद्वंद्वी रहे रोहित शर्मा ने एक्स पर पोस्ट के जरिए धोनी को उनके बेहतरीन IPL करियर के लिए बधाई दी है।
उन्होंने एक्स पर लिखा, 'एक अविश्वसनीय IPL करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई, धोनी भाई। इतने वर्षों तक आपके साथ मैदान साझा करना और इतनी सारी यादें बनाना बेहद मजेदार रहा। भविष्य के लिए शुभकामनाएं और ढेर सारा सम्मान!'
विदाई
सुरेश रैना और रविंद्र जडेजा ने दी भावुक विदाई
CSK में धोनी के साथी रहे सुरेश रैना ने लिखा, 'धोनी ने CSK को बहुत कुछ दिया है और उनकी उपलब्धियां अविस्मरणीय हैं। वह एक महान खिलाड़ी के साथ-साथ एक बेहतरीन इंसान भी हैं।'
इसी तरह रविंद्र जडेजा ने धोनी के साथ अपनी तस्वीर साझा करते हुए जर्सी नंबर-7 का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "नंबर 8 का नंबर 7 के लिए सम्मान हमेशा रहेगा।'
इसी तरह दिनेश कार्तिक और रविचंद्रन अश्विन ने भी बधाइयां दी हैं।
सम्मान
बुमराह ने धोनी को बताया अपना आदर्श
धोनी की कप्तानी में अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उन्हें अपना आदर्श बताते हुए लिखा, 'मेरे पसंदीदा क्रिकेट खिलाड़ी और वह व्यक्ति जिन्हें मैं सबसे ज्यादा आदर्श मानता हूं। सभी यादों के लिए धन्यवाद और आगे के सफर के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।'
15 वर्षीय युवा बल्लेबाजी वैभव सूर्यवंशी ने भी इंस्टाग्राम स्टोरी पर धोनी के साथ अपनी एक तस्वीर साझा कर हाथ जोड़ने का इमोजी बनाते हुए इस दिग्गज खिलाड़ी के प्रति सम्मान दिखाया है।
सफलता
BCCI उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने धोनी को बताया सफलता का अभिन्न अंग
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने धोनी को IPL की सफलता का अभिन्न अंग बताया।
उन्होंने कहा, "एमएस धोनी IPL के विकास और सफलता का एक अभिन्न हिस्सा रहे हैं। उनके नेतृत्व और उपलब्धियों ने अनगिनत युवा क्रिकेटरों को प्रेरित किया है और प्रशंसकों को जीवन भर संजोने वाली यादें दी हैं। उनके जैसा खिलाड़ी सदी में एक बार पैदा होता है। आगामी भविष्य के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं।"
करियर
बेहद शानदार रहा है धोनी का IPL करियर
धोनी ने 2008 से ही अपने अपने IPL करियर का आगाज किया था।
वह IPL करियर में अब तक 278 मैच खेल चुके हैं, जिसकी 242 पारियों में 38.30 की औसत और 137.45 की स्ट्राइक रेट के साथ 5,439 रन बनाने में सफल रहे हैं।
इसमें 24 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 84 रन का है।
वह फिलहाल इसी लीग में 7वें सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने अपने करियर में 375 चौके और 264 छक्के लगाए हैं।