Page Loader
रूसी राष्ट्रपति की हत्या की नाकाम कोशिश, सुरक्षित बचे पुतिन- रिपोर्ट
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या की नाकाम कोशिश- रिपोर्ट

रूसी राष्ट्रपति की हत्या की नाकाम कोशिश, सुरक्षित बचे पुतिन- रिपोर्ट

Sep 15, 2022
04:50 pm

क्या है खबर?

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की हत्या करने की कोशिश की गई थी, जिसमें वो बच गए। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में पुतिन को कोई चोट नहीं आई थी और वो पूरी तरह ठीक है। हमले के बाद कई गिरफ्तारियां की गई हैं और गिरफ्तार होने वालों में पुतिन के सुरक्षाकर्मी भी बताए जा रहे हैं। यह घटना कब हुई, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है और न ही इस हमले की आधिकारिक पुष्टि हुई है।

जानकारी

गाड़ी के अगले टायर पर लगी टक्कर- रिपोर्ट

यूरो वीकली न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, बुधवार को एक टेलीग्राम चैनल पर इस हमले की जानकारी लीक हुई थी। इसमें दावा किया गया है कि आधिकारिक निवास पर जाते समय पुतिन की गाड़ी के अगले बाएं पहिये पर जोरदार टक्कर लगी थी। इसके बाद पुतिन की लिमोजिन से धुंआ निकलने लगा और गाड़ी को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। हालांकि, इस पूरी घटना में रूस के राष्ट्रपति के चोटिल होने की खबरें नहीं हैं।

जानकारी

घटना के बाद पुतिन के सुरक्षाकर्मी निलंबित

कुछ दूसरे मीडिया संस्थानों ने रिपोर्ट किया है कि आधिकारिक निवास से कुछ घंटे पहले पुतिन के गुप्त काफिले को एंबुलेंस आगे लगाकर रोका गया था। अचानक सामने आई एंबुलेंस के कारण दूसरी सुरक्षा गाड़ी साइड से निकल गई। सूत्रों ने दावा किया है कि इस घटना के बाद पुतिन के सुरक्षा प्रमुख समेत कई अधिकारियों को निलंबित कर दिया गया है और उन्हें हिरासत में रखा गया है। इस मामले में कई गिरफ्तारियां भी हुई हैं।

जानकारी

पांच बार हो चुकी पुतिन की हत्या की कोशिश

2017 में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने सार्वजनिक तौर पर स्वीकार किया था कि अब तक पांच बार उनकी हत्या की कोशिश हो चुकी है। मई में भी खबरें आई थी कि यूक्रेन पर युद्ध के ऐलान के बाद पुतिन की हत्या का प्रयास हुआ था।

बयान

काकेशिया के प्रतिनिधियों ने किया था प्रयास- यूक्रेनी अधिकारी

मई में यूक्रेनी रक्षा मंत्रालय के मुख्य खुफिया निदेशालय के प्रमुख मेजर जनरल किरिलो बुदानोव ने दावा किया था पुतिन की हत्या करने का असफल प्रयास हुआ था। उन्होंने कहा था कि पुतिन की हत्या करने का प्रयास किया गया था। कुछ ही समय पहले उन पर हमला भी हुआ था। कहा जाता है कि काकेशिया के प्रतिनिधियों ने ये हमला किया। बता दें, काला सागर और कैस्पियन सागर के बीच स्थित इलाके को काकेशिया कहा जाता है।

अटकलें

पुतिन के स्वास्थ्य को लेकर लगाई जा रहीं अटकलें

हालांकि, अभी तक आधिकारिक तौर पर पुतिन की हत्या के प्रयासों की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन ये दावे ऐसे समय सामने आए हैं, जब उनके स्वास्थ्य को लेकर पहले से ही कई अटकलें चल रही हैं। कुछ महीने पहले रूस की विदेशी खुफिया सेवा के हवाले से जानकारी आई थी कि पेट से पानी निकालने के लिए पुतिन की सर्जरी हुई थी। उनके कुछ करीबियों ने पुतिन को ब्लड कैंसर होने की बात भी कही है।

न्यूजबाइट्स प्लस (जानकारी)

फिलहाल समरकंद में हैं पुतिन

स्वास्थ्य समस्याओं और सुरक्षा चिंताओं के तमाम कयासों के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन काफी सक्रिय हैं। फिलहाल वो शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए उज्बेकिस्तान के समरकंद शहर में मौजूद हैं। यहां सम्मेलन के भाग लेने के अलावा वो भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे। रूस की तरफ से इसकी आधिकारिक पुष्टि हो चुकी है। मोदी के साथ-साथ यहां वो दूसरे नेताओं से भी मुलाकात करेंगे।