टी-20 विश्व कप 2026: क्या 18 साल बाद ऑस्ट्रेलिया को हरा पाएगी जिम्बाब्वे? जानिए जरुरी बातें
क्या है खबर?
टी-20 विश्व कप 2026 के 19वें मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का सामना जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम से होगा। जहां कंगारू टीम की नजर जीत की लय बरकरार रखने पर होगी, तो वहीं जिम्बाब्वे 18 साल पुराने इतिहास को दोहराने के इरादे से मैदान में उतरेगा। टी-20 विश्व कप में आखिरी बार जिम्बाब्वे ने ऑस्ट्रेलिया को साल 2007 में हराया था, जब उसे 5 विकेट से यादगार जीत मिली थी। आइए मुकाबले का प्रीव्यू और महत्वपूर्ण बातों पर नजर डालते हैं।
हेड-टू-हेड
जिम्बाब्वे के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया का पलड़ा रहा है भारी
जिम्बाब्वे और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले हुए हैं। 2 मुकाबले कंगारू टीम ने जीते हैं और 1 मैच में जिम्बाब्वे को जीत मिली है। दोनों टीमों के बीच आखिरी मुकाबला साल 2018 में खेला गया था। जहां ऑस्ट्रोलिया को 5 विकेट से जीत मिली थी। इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने अपना पहला मैच आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ जीता था। वहीं, जिम्बाब्वे को ओमान क्रिकेट टीम के खिलाफ 8 विकेट से जीत मिली थी।
प्लेइंग इलेवन
ये हो सकती है ऑस्ट्रेलिया की प्लेइंग इलेवन
ऑस्ट्रेलिया अपने चोटिल खिलाड़ियों से काफी परेशान चल रही है। कप्तान मिचेल मार्श आयरलैंड के खिलाफ मुकाबला नहीं खेले थे। उनकी जगह ट्रेविस हेड ने कप्तानी की थी। जिम्बाब्वे के खिलाफ मैच से भी मार्श बाहर हो सकते हैं। ऐसे में ग्लेन मैक्सवेल जैसे अनुभवी खिलाड़ियों पर काफी जिम्मेदारी होगी। संभावित एकादश: ट्रेविस हेड (कप्तान), जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मैट रेनशॉ, कूपर कॉनॉली, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट, मैथ्यू कुहनेमैन और एडम जैम्पा।
एकादश
ऐसी हो सकती है जिम्बाब्वे की प्लेइंग इलेवन
जिम्बाब्वे के गेंदबाजों ने ओमान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में वह कंगारू टीम के खिलाफ वही प्रदर्शन दोहराना चाहेंगे। कप्तान सिकंदर रजा से भी टीम को काफी उम्मीदें होंगी। वह गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों से किसी मैच को पलट सकते हैं। संभावित एकादश: ब्रायन बेनेट, ताडिवानाशे मारुमानी, डियोन मायर्स, ब्रेंडन टेलर (विकेटकीपर), सिकंदर रजा (कप्तान), रायन बर्ल, ताशिंगा मुसेकिवा, ब्रैड इवांस, वेलिंगटन मसाकाद्जा, रिचर्ड नगारावा और ब्लेसिंग मुजरबानी।
पिच
कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिन गेंदबाजों के लिए काफी मददगार मानी जाती है। मैच की शुरुआत में बल्लेबाजों को रन बनाने में ज्यादा कठिनाई नहीं होती, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच धीमी हो जाती है, और स्पिनर को हावी होने का मौका मिलता है। ऐसे में दोनों टीमें उम्दा स्पिनरों के साथ उतर सकती है। हाउस्टेट के मुताबिक, यहां सर्वोच्च टीम स्कोर बांग्लादेश ने (215/5 बनाम श्रीलंका, 2018) ने बनाया है।
जानकारी
ऐसा रहेगा कोलंबो का मौसम
एक्यूवेदर के अनुसार, 13 फरवरी को कोलंबो में मौसम साफ रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान के 24 डिग्री रहने का अनुमान है। दिन में बारिश की संभावना नहीं है। ऐसे में मैच के बिना किसी खलल के होने की उम्मीद है।
नजरें
इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर रहेगी नजर
स्टोइनिस ने पिछले मुकाबले में 29 गेंदों में 45 रन बनाए थे। उनके बल्ले से पिछले 8 मैचों में 157 रन निकले हैं। जिम्बाब्वे से बेनेट ने पिछले 10 मैचों में 342 रन बनाए हैं। सिकंदर 10 मैचों 245 रन बनाने में सफल रहे हैं। एलिस ने 6 मैचों में 13 विकेट अपने नाम किए हैं। इसी प्रकार नगारावा ने 10 मैचों में 12 विकेट चटका चुके हैं। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजरें रहेंगी।
जानकारी
कब और कहां देखें मुकाबला?
ऑस्ट्रेलिया और जिम्बाब्वे के बीच यह मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से खेला जाएगा। भारत में स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियो हॉटस्टार ऐप पर इस मैच का सीधा प्रसारण देखा जा सकता है।