ऐपल ने iOS 26.3 अपडेट किया जारी, आईफोन यूजर्स को मिले ये खास फीचर्स
क्या है खबर?
टेक दिग्गज कंपनी ऐपल ने अपने आईफोन यूजर्स के लिए iOS 26.3 अपडेट रोल आउट कर दिया है, जो iOS 26 सीरीज का तीसरा बड़ा अपडेट है। कंपनी ने बताया कि यह कोई बहुत बड़े फीचर्स वाला अपडेट नहीं है, लेकिन इसमें कुछ काम के सुधार और जरूरी सुरक्षा अपडेट शामिल हैं। खास बात यह है कि इसमें एक गंभीर सुरक्षा कमी को ठीक किया गया है, जिसका पहले गलत तरीके से इस्तेमाल भी किया जा चुका था।
फीचर
आईफोन से एंड्रॉयड में आसान ट्रांसफर
इस अपडेट में आईफोन से एंड्रॉयड फोन में डाटा भेजना पहले से आसान कर दिया गया है। अब यूजर अपने आईफोन को एंड्रॉयड फोन के पास रखकर सीधे डाटा ट्रांसफर शुरू कर सकते हैं। फोटो, मैसेज, नोट्स, पासवर्ड और ऐप जैसी कई चीजें बिना अलग ऐप डाउनलोड किए भेजी जा सकती हैं। हालांकि, हेल्थ डाटा, ब्लूटूथ डिवाइस और लॉक किए गए नोट्स ट्रांसफर नहीं होंगे। फिर भी यह बदलाव यूजर्स के लिए बड़ा कदम माना जा रहा है।
फीचर
नए वॉलपेपर और प्राइवेसी फीचर
iOS 26.3 में लॉक स्क्रीन के लिए वेदर वॉलपेपर को अलग सेक्शन में रखा गया है, जो यूजर्स के लिए बहुत उपयोगी फीचर है। कंपनी ने तीन नए तैयार डिजाइन भी जोड़े हैं, जिनमें अलग-अलग फॉन्ट और मौसम विजेट दिखते हैं। इसके अलावा, एक नई प्राइवेसी सेटिंग भी दी गई है, जिससे मोबाइल कंपनी आपकी सटीक लोकेशन ट्रैक नहीं कर पाएगी। यह फीचर कुछ खास आईफोन मॉडल और चुनिंदा नेटवर्क पर ही काम करेगा।
अपडेट
जरूरी सुरक्षा सुधार और अपडेट तरीका
इस अपडेट में कई पुराने सुरक्षा खामियों को भी ठीक किया गया है। इनमें एक बड़ी कमी भी शामिल थी, जिससे डिवाइस में गलत कोड चलाया जा सकता था। इसके अलावा, मैसेज, फोटो और ऑडियो से जुड़े बग भी ठीक किए गए हैं। करने के लिए यूजर को सेटिंग्स में जाकर सॉफ्टवेयर अपडेट पर टैप करना होगा। यह अपडेट आईफोन 11 और उसके बाद के मॉडल्स के लिए उपलब्ध है।