LOADING...
ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र की बैठक, रूस-चीन ने युद्धविराम पर जोर दिया
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की बैठक में युद्धविराम का प्रस्ताव (तस्वीर: एक्स/@iaeaorg)

ईरान पर अमेरिकी हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र की बैठक, रूस-चीन ने युद्धविराम पर जोर दिया

लेखन गजेंद्र
Jun 23, 2025
09:04 am

क्या है खबर?

इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में अमेरिका के हमले के बाद संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की आपात बैठक बुलाई गई। बैठक में रूस , चीन और पाकिस्तान ने 15 सदस्यीय परिषद से मध्य पूर्व में तत्काल और बिना शर्त युद्धविराम पर जोर दिया और इसे पारित करने का प्रस्ताव रखा। यह प्रस्ताव तीनों देश मिलकर लाएं हैं, जिस पर सदस्य देश सोमवार शाम तक अपनी टिप्पणी देंगे। मतदान कब होगा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

बैठक

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने क्या कहा?

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने सुरक्षा परिषद को बताया कि अमेरिका द्वारा ईरानी परमाणु सुविधाओं पर बमबारी करना एक खतरनाक मोड़ है। उन्होंने कहा कि हमें लड़ाई को रोकने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर गंभीर, निरंतर वार्ता पर लौटने के लिए तुरंत और निर्णायक कार्रवाई करनी चाहिए। वहीं, चीन ने कहा कि ईरान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमेरिका के हमला करने से वाशिंगटन की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा है।

बयान

रूस ने क्या कहा?

बैठक में रूस के राजदूत वसीली नेबेंजिया ने ईरान पर अमेरिका के हमलों की आलोचना करते हुए कहा कि वाशिंगटन ने वैश्विक सुरक्षा के लिए संभावित विनाशकारी परिणाम वाले 'पेंडोरा बॉक्स' को खोल दिया है। 'अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा के लिए खतरा' एजेंडा आयटम पर बोलते हुए नेबेंजिया ने हमलों को गैर-जिम्मेदाराना, उत्तेजक और खतरनाक कहा। उन्होंने अमेरिका और इजरायल दोनों को हमलों को रोकने के लिए और कूटनीति पर लौटने का आग्रह किया है।

Advertisement

मतदान

प्रस्ताव पारित होने के लिए चाहिए 9 वोट

अंतरराष्ट्रीय मीडिया के मुताबिक, प्रस्ताव पारित होने के लिए कम से कम 9 वोट की जरूरत होती है। साथ ही इसमें अमेरिका, फ्रांस , ब्रिटेन, रूस या चीन द्वारा वीटो नहीं किया जाना चाहिए। बता दें कि अमेरिकr हमले के बाद ईरान ने UNSC की बैठक का अनुरोध किया था और इस जबरदस्त और गैरकानूनी हमले पर ध्यान देने और इसकी कड़े शब्दों में निंदा करने का आह्वान किया था। संभावना है कि अमेरिका प्रस्ताव का विरोध कर सकता है।

Advertisement

हमला

अमेरिका ने 3 परमाणु ठिकानों को बनाया था निशाना

अमेरिका ने ईरान और इजरायल संघर्ष में कूदते हुए ईरान के 3 परमाणु ठिकानों पर हमला कर दिया। इन ठिकानों में नतांज, फोर्दो और इस्फहान शामिल है। हमले के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हमलों से तीनों परमाणु सुविधाओं बर्बाद हो गई हैं। अब ईरान को शांति कायम करनी चाहिए, अगर वह ऐसा नहीं करता है, तो उस पर और बड़े हमले किए जाएंगे। इधर, ईरान ने हमले में मामूली नुकसान की बात कही है।

Advertisement