यूक्रेन ने रूस पर 600 ड्रोन दागे, रूस के जवाबी मिसाइल हमले में 10 की मौत
क्या है खबर?
रूस ने कहा कि बीती रात 620 से ज्यादा ड्रोन ने मॉस्को को निशाना बनाया है। ये लंबे समय में रूसी राजधानी पर यूक्रेन द्वारा किए गए सबसे बड़े हमलों में से एक है। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोबयानिन ने कहा कि रूसी रक्षा बलों ने सोमवार शाम से मंगलवार सुबह तक राजधानी क्षेत्र के ऊपर 180 ड्रोन मार गिराए। उन्होंने कहा कि बाद में राजधानी की ओर जा रहे 17 और ड्रोन मार गिराए गए।
हताहत
हमले में बच्ची समेत 3 लोग घायल
मॉस्को के गवर्नर एंड्री वोरोब्योव ने बताया कि ड्रोन हमले में 10 वर्षीय बच्ची समेत 3 लोग घायल हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि पावलोव्स्की पोसाद जिले में एक घर जलकर राख हो गया और बोगोरोडस्की जिले में भी कई घरों और एक गेस्टहाउस को नुकसान पहुंचा है।
हमले में ई-कॉमर्स कंपनी वाइल्डबेरीज का मॉस्को स्थित एक गोदाम भी क्षतिग्रस्त हो गया। कंपनी ने कहा कि दीवार पर मलबा गिरने से लॉजिस्टिक्स कॉम्प्लेक्स को नुकसान पहुंचा है।
रूस
रूसी हमलों से यूक्रेन में 10 की मौत
यूक्रेनी अधिकारियों ने बताया कि यूक्रेन के उत्तरपूर्वी खार्किव के एक गांव में रूसी मिसाइल हमले में 10 लोग मारे गए। राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस को इस हमले का जवाब दिया जाएगा।
वहीं, गवर्नर ओलेह सिनीहुबोव ने बताया कि हमले में 17 अन्य लोग घायल हो गए।
यूक्रेनी वायु सेना ने कहा कि उसने रात भर किए गए 147 ड्रोन हमलों में से 111 को मार गिराया या नाकाम कर दिया है।