Loading...
नेटफ्लिक्स को फिल्म संगठन की सख्त चेतावनी, पाकिस्तानी शो नहीं हटाया तो होगा दफ्तर का घेराव
नेटफ्लिक्स को AICWA का अल्टीमेटम

नेटफ्लिक्स को फिल्म संगठन की सख्त चेतावनी, पाकिस्तानी शो नहीं हटाया तो होगा दफ्तर का घेराव

Nov 26, 2026
11:12 am

क्या है खबर?

नेटफ्लिक्स की पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर चल रहा विवाद और तेज हो गया है। ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म को कड़ा अल्टीमेटम जारी करते हुए शो पर बैन लगाने की मांग की है। संगठन ने सख्त चेतावनी दी है कि अगर सीरीज को हटाया या बैन नहीं किया गया तो वे नेटफ्लिक्स के दफ्तर का घेराव करेंगे और विरोध में सड़कों पर उतरने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

चेतावनी

AICWA ने नेटफ्लिक्स को दी बहिष्कार और प्रदर्शन की चेतावनी

पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को लेकर नेटफ्लिक्स भारत में विवादों में घिर गया है। इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान और हानिया आमिर नजर आएंगे।

FWICE और AICWA ने भारत में इसकी रिलीज का विरोध किया है। AICWA ने नेटफ्लिक्स को चेतावनी दी है कि अगर प्रीमियर से पहले सीरीज वापस नहीं ली गई तो संगठन देशभर में इसका बहिष्कार करेगा, साथ ही नेटफ्लिक्स के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन भी किया जाएगा।

अपील

भारतीयों से नेटफ्लिक्स का सब्सक्रिप्शन रद्द करने की अपील

ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने नेटफ्लिक्स को अल्टीमेटम देते हुए पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' को 4 दिसंबर 2026 से पहले हटाने की मांग की है।

एक्स पर पोस्ट कर संगठन ने चेतावनी दी कि मांग न मानने पर वो नेटफ्लिक्स के दफ्तर का घेराव करेंगे। AICWA ने देशव्यापी बहिष्कार का आह्वान भी किया और शो न रोके जाने पर भारतीयों से सब्सक्रिप्शन रद्द करने की अपील की।

ADVERTISEMENT

नाराजगी

हाफिज सईद की तारीफ करने वाले हमजा अली अब्बासी पर भड़का AICWA

संगठन ने शो के अभिनेता हमजा अली अब्बासी को लेकर चिंता जताई। उन्होंने लिखा कि सीरीज में हमजा अली अब्बासी हैं, जिन्होंने हाफिज सईद की सार्वजनिक तारीफ की और 26/11 के मास्टरमाइंड को सबसे मिलनसार लोगों में से एक बताया।लश्कर-ए-तैयबा का संस्थापक सईद संयुक्त राष्ट्र द्वारा घोषित आतंकी है, जिसके गुर्गों ने 26/11 मुंबई हमले में 166 बेगुनाहों की जान ली।

संगठन ने सईद का समर्थन करने वाले को मंच और काम देने पर नेटफ्लिक्स पर भी आरोप लगाया।

ADVERTISEMENT

आरोप

AICWA ने Netflix पर लगाया गंभीर आरोप

AICWA ने दावा किया कि नेटफ्लिक्स से होने वाली कमाई का अप्रत्यक्ष फायदा पाकिस्तान को मिल सकता है और इसका इस्तेमाल आतंकी गतिविधियों के लिए किया जा सकता है। संगठन ने आशंका जताई कि इस पैसे का इस्तेमाल भारत पर हमले, जवानों और आम नागरिकों की हत्या और नए आतंकियों को तैयार करने में हो सकता है। पोस्ट के आखिर में संगठन ने नारा दिया, "हमारी स्क्रीन पर कोई आतंक नहीं, आतंक को कोई पैसा नहीं, राष्ट्र सर्वोपरि।"

मांग

अशोक पंडित ने की प्रसारण रोकने की मांग

फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी नेटफ्लिक्स को चेतावनी दी है कि अगर सीरीज पर बैन नहीं लगाया गया तो फिल्म इंडस्ट्री के कर्मचारी प्लेटफॉर्म के साथ असहयोग कर सकते हैं।

हाल ही में फिल्म संगठन के प्रतिनिधि अशोक पंडित ने कहा कि इस शो का प्रसारण भारत में नहीं होना चाहिए। उन्होंने पाकिस्तान की गतिविधियों और सीरीज में शामिल कुछ कलाकारों की पुरानी टिप्पणियों का हवाला दिया।

ADVERTISEMENT