
टाइटैनिक को देखने गई पनडुब्बी में हुआ था विस्फोट, पांचों सवारियों की मौत- अमेरिकी तटरक्षक
क्या है खबर?
अटलांटिक महासागर में टाइटैनिक के मलबे को दिखाने गई पनडुब्बी 'टाइटन' में सवार सभी 5 लोगों की मौत हो गई है। अमेरिकी तटरक्षक ने इसकी पुष्टि कर दी है।
अमेरिकी तटरक्षक के रियर एडमिरल जॉन मॉगर ने बताया है कि समुद्र की गहराई में पनडुब्बी के कुछ हिस्से टाइटैनिक जहाज के मलबे से 1,600 फीट नीचे मिले हैं।
अमेरिकी नौसेना ने पानी में भारी विस्फोट की आवाज सुनी थी, लेकिन फिर भी बचाव अभियान चलाया जा रहा था।
बयान
अमेरिकी तटरक्षक ने क्या कहा?
अमेरिकी तटरक्षक के एडमिरल माउगर ने कहा, "इस बारे में मृतकों के परिवारों को सूचित किया गया है। वह अमेरिकी तटरक्षक की ओर से मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं।"
माउगर ने कहा, "पनडुब्बी के मलबे को रिमोट नियंत्रित वाहन (ROW) की सहायता से खोजा गया। अभी यह बताना जल्दबाजी होगा कि पनडुब्बी में विस्फोट कब और कैसे हुआ। इसका पता लगाया जा रहा है।"
सवार
पनडुब्बी में कौन-कौन था सवार?
इस पनडुब्बी में सवार जिन 5 लोगों की मौत हुई है, उनमें 58 वर्षीय ब्रिटिश कारोबारी हैमिश हार्डिंग, फ्रांसिसी नौसेना के पूर्व गोताखोर पॉल-हेनरी नार्गोलेट (77), ओशनगेट कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) स्टॉकटॉन रश (61), पाकिस्तानी मूल के ब्रिटिश कारोबारी शहजादा दाऊद (48) और उनका बेटा सुलेमान (19) शामिल हैं।
दाऊद का पाकिस्तान के एक बड़े कारोबारी परिवार से ताल्लुक था और वह ब्रिटेन में प्रिंस ट्रस्ट चैरिटी के बोर्ड के सदस्य भी थे।
लापता
कैसे लापता हुई पनडुब्बी?
पनडुब्बी ने 18 जून की शाम को कनाडा के न्यूफाउंडलैंड के तट के पास समुद्र में गोता लगाया था। अमेरिकी तटरक्षक के मुताबिक, पनडुब्बी के गोता लगाने के करीब 1 घंटे 45 मिनट बाद पनडुब्बी का इसके सहायक जहाज पोलर प्रिंस से संपर्क टूट गया।
पिछले 4 दिनों से अमेरिका, कनाडा, फ्रांस और ब्रिटेन साथ मिलकर एक बहुराष्ट्रीय खोज अभियान चला जा रहे थे, जिसे अब खत्म करने की घोषणा कर दी गई है।
संचालन
कौन करता है पनडुब्बी का संचालन?
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी ब्यूरो ऑफ शिपिंग ने टाइटन को प्रमाणित किया था। इसका संचालन टूर कंपनी ओशनगेट करती है। पनडुब्बी में सफर करने के लिए एक पर्यटक को 2 करोड़ 28 लाख से ज्यादा की रकम चुकानी होती है।
ये यात्रा न्यूफाउंडलैंड के सैंट जॉन्स से शुरू होती है। पनडुब्बी को टाइटैनिक के मलबे तक पहुंचने और वापस आने में 8 घंटे लगते हैं।
इस पनडुब्बी की मदद से समुद्र का अध्ययन और सर्वे किया जाता है।
कंपनी
ओशनगेट ने कहा- अभियान में मारे गए सभी लोग सच्चे खोजकर्ता
पनडुब्बी के मलबे के मिलने के बाद ओशनगेट की ओर से एक बयान जारी किया गया है।
ओशनगेट ने कहा, "ये लोग सच्चे खोजकर्ता थे, जिनमें रोमांच की एक अलग भावना और दुनिया के महासागरों की खोज के प्रति गहरा जुनून था। इस दुखद समय में हमारे दिल इन 5 आत्माओं और उनके परिवारों के प्रत्येक सदस्य के साथ हैं। हम मारे गए लोगों के परिवारों और उनके रिश्तेदारों के प्रति अपनी शोक संवेदना व्यक्त करते हैं।"