ईरान पर दोबारा हमले को लेकर ट्रंप-नेतन्याहू में विवाद, दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाए- रिपोर्ट
क्या है खबर?
ईरान युद्ध को लेकर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच विवाद होने की खबर है। दावा किया गया है कि इस सप्ताहांत दोनों के बीच फोन पर खूब विवाद हुआ। इजराइली मीडिया यनेट की रिपोर्ट के मुताबिक, 8 नवंबर को दोनों नेताओं के बीच फोन पर जोरदार बहस हुई। इस दौरान दोनों एक-दूसरे पर चिल्लाने लगे, जिसे एक सूत्र ने 'नरक जैसी चीख-पुकार' कहा।
रिपोर्ट
रिपोर्ट में दावा- बातचीत आगे बढ़ाने पर ट्रंप ने दिया जोर
इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, नेतन्याहू ने ट्रंप पर दबाव डाला कि वे ईरान पर नए सिरे से हमले करें। वहीं, ट्रंप ने राजनयिक प्रयासों को जारी रखने और तेहरान के साथ बातचीत को आगे बढ़ने देने का समर्थन किया।
बातचीत से परिचित सूत्रों ने इसे असामान्य रूप से तनावपूर्ण बताया।
इजरायली अखबार येदियोथ अहरोनोथ ने सूत्रों के हवाले से बताया कि बातचीत का मुख्य विषय ईरान पर नए हमले को लेकर अमेरिका और इजरायल के बीच बढ़ते मतभेद थे।
खारिज
नेतन्याहू के कार्यालय ने रिपोर्ट को खारिज किया
नेतन्याहू के कार्यालय ने रिपोर्ट को खारिज करते हुए कहा कि दोनों नेताओं में मतभेद के आरोप पूरी तरह फर्जी और बकवास हैं।
एक वरिष्ठ इजरायली अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि दोनों नेताओं में बातचीत हुई थी, लेकिन उन्होंने यह भी कहा कि यह तनावपूर्ण नहीं थी।
दोनों नेताओं में यह असहमति ऐसे वक्त सामने आई है, जब वाशिंगटन और तेल अवीव युद्ध में आगे के कदमों को लेकर बंटे हुए हैं।
बयान
नेतन्याहू बोले- आयतुल्लाह शासन को उखाड़ फेंकना ही समाधान
नेतन्याहू लगातार अमेरिका से ईरान पर फिर हमले शुरू करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम और उससे पैदा होने वाले खतरे को खत्म करने के लिए वहां की मौजूदा सरकार को हटाना जरूरी है।
उन्होंने संसद में कहा, "ईरान परमाणु खतरे को फिर से जीवित करने की कोशिश कर रहा है। इस अस्तित्वगत खतरे को स्थायी रूप से समाप्त करने का एकमात्र तरीका अयातुल्ला शासन को उखाड़ फेंकना है।"
ट्रंप का बयान
ट्रंप बोले- ईरान पर नए हमले की कोई खास वजह नहीं
दूसरी ओर, ट्रंप ने ईरान के साथ बातचीत पर जोर दिया है।
CBS न्यूज के कार्यक्रम में जब उनसे पूछा गया कि क्या अमेरिका ईरान पर फिर हमले करेगा? इस पर उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा करने की कोई वजह नहीं दिखती।
उन्होंने कहा, "खैर, मैं ऐसा नहीं करना चाहता। मुझे नहीं लगता कि ऐसा करने का कोई कारण है।"
ट्रंप ने कतर के प्रधानमंत्री के साथ बैठक के बाद भी कहा कि फिलहाल सैन्य कार्रवाई जरूरी नहीं लगती।
अन्य रिपोर्ट
रिपोर्ट में दावा- ट्रंप को रोज फोन कर रहे नेतन्याहू
फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि नेतन्याहू ईरान के खिलाफ हमलों को फिर से शुरू करने के लिए ट्रंप को रोजाना फोन कर रहे हैं।
रिपोर्ट में कहा गया कि व्हाइट हाउस के जो लोग दोबारा लड़ाई का विरोध कर रहे हैं, वे नेतन्याहू की मांग का मुकाबला करने के लिए काम कर रहे हैं।
एक सूत्र ने कहा, "नेता उनसे कह रहे हैं कि वे मामले को आगे न बढ़ाएं और बातचीत को प्राथमिकता दें।"