रूस ने यूक्रेन पर 400 ड्रोन-110 मिसाइलें दागीं, 8 मौतें; क्रीमिया पुल हमले का बदला लिया
क्या है खबर?
रूस ने यूक्रेन पर 400 से ज्यादा ड्रोन और 110 से ज्यादा मिसाइलें दागी हैं। इस हमले में 8 लोगों की मौत हो गई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने इसे 'अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक' बताते हुए कहा कि रूस ने 110 से ज्यादा मिसाइलें दागीं, जिनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें थीं। इन हमलों में पूरे यूक्रेन में ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स और रेलवे के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया।
बयान
जेलेंस्की बोले- रूस ने बुनियादी ढांचे को बनाया निशाना
जेलेंस्की ने कहा, 'सभी निशाने आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे थे। इनमें ऊर्जा सुविधाएं, लॉजिस्टिक्स, नीपर नदी पर बने पुल और रेलवे का बुनियादी ढांचा शामिल है। विशेष रूप से उन सबस्टेशनों और बिजली लाइनों को निशाना बनाया गया, जिन पर परमाणु ऊर्जा संयंत्र निर्भर हैं और जो यूक्रेन के पावर ग्रिड को यूरोपीय संघ के पड़ोसी देशों से जोड़ती हैं। आम रिहायशी इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है। दुर्भाग्य से इसमें कुछ लोगों की जान भी गई है।'
रूस
पुतिन ने पुल हमले का बदला लेने की कसम खाई थी
इसी हफ्ते यूक्रेन ने क्रीमिया को रूसी मुख्य भूमि से जोड़ने वाले एक पुल पर हमला किया था। इसके बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने इस हमले का बदला लेने की कसम खाई थी। उन्होंने कहा था कि रूस इस हमले का दर्दनाक जवाब देगा।
जेलेंस्की ने बताया कि हमलों में करीब 30 लोग घायल हुए हैं। वहीं, यूक्रेन ने रूस की 79 क्रूज मिसाइलों को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया।