आदित्य धर बोले- सोने जैसे दिल वाली हैं यामी, उनके आते ही बदल गई मेरी किस्मत
क्या है खबर?
फिल्ममेकर आदित्य धर और अभिनेत्री यामी गौतम ने हाल ही में 'CNN-न्यूज18 इंडियन ऑफ द ईयर 2026' अवॉर्ड्स में शिरकत की। इस खास मौके पर दोनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान इस जोड़े ने फिल्म इंडस्ट्री में अपने सफर और एक-दूसरे के योगदान पर खुलकर बात की। आदित्य ने अपनी सफलता और जीवन में खुशकिस्मती लाने का श्रेय पत्नी यामी को दिया, वहीं यामी ने भी आदित्य की ईमानदारी, दृढ़ संकल्प और साहस की जमकर तारीफ की।
श्रेय
आदित्य ने पत्नी यामी को बताया अपना 'लेडी लक'
आदित्य बोले, "मुझे रातों-रात स्टार बनने में 20 साल लग गए। ये बेहद चुनौतीपूर्ण, लेकिन रोमांचक सफर रहा है। मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं कि मेरी शादी एक ऐसे इंसान से हुई है, जो मेरे अब तक के मिले सबसे बेहतरीन लोगों में से एक है। जिस पल वो मेरी जिंदगी में आईं, मेरी किस्मत बदल गई। ये यामी का 'लेडी लक' है, जो मुझे भारत की कहानी दुनिया के सामने लाने में मदद कर रहा है।"
संघर्ष
साल 2006 में सपने लेकर आए थे मुंबई, 'उरी' और 'धुरंधर' से मिली बड़ी पहचान
आदित्य 2006 में फिल्ममेकर बनने का सपना लेकर मुंबई आए थे। उन्होंने सहायक निर्देशक, गीतकार और डायलॉग राइटर के तौर पर कई साल काम किया।
इसके बाद 2019 में विक्की कौशल अभिनीत 'उरी' के जरिए बतौर निर्देशक अपनी पहचान बनाई। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट रही और इसके लिए आदित्य को सर्वश्रेष्ठ निर्देशन का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार भी मिला, वहीं 'धुरंधर' ने उन्हें फिल्ममेकिंग में व्यापक पहचान दिलाई, जिससे उनका दो दशक लंबा सफर बेहद खास बन गया।
सराहना
ईमानदारी, जुनून और कड़ी मेहनत का अनोखा संगम हैं आदित्य- यामी गौतम
यामी ने अपने पति की जमकर तारीफ की। जब उनसे पूछा गया कि आदित्य को एक फिल्ममेकर और इंसान के तौर पर क्या खास बनाता है, तो उन्होंने उन्हें ईमानदारी, सच्चाई, चरित्र, जुनून और कड़ी मेहनत का एक अनोखा संगम बताया। यामी बोलीं कि फिल्म इंडस्ट्री के कठिन अनुभव अक्सर लोगों को बदल देते हैं और उनमें कड़वाहट भर देते हैं। लेकिन इन सब चुनौतियों के बावजूद आदित्य ने अपनी अच्छाई और विनम्रता को बखूबी बचाए रखा है।
समर्पण
"बिना सोए सेट पर 70 घंटे काम करते थे आदित्य"
यामी ने फिल्ममेकिंग के प्रति आदित्य के असाधारण समर्पण को भी उजागर किया। उन्होंने याद किया कि कैसे आदित्य एक स्पष्ट विजन और किसी प्रोजेक्ट को अपना सब कुछ देने के दृढ़ संकल्प के साथ बिना सोए सेट पर लगभग 70 घंटे तक काम करते थे।
यामी ने कहा कि इतने बड़े सपने को पूरा करने के लिए हिम्मत और मजबूत इरादों की जरूरत होती है। साथ ही, उसे अंत तक पूरा करने का साहस भी होना चाहिए।
तारीफ
आदित्य ने यामी को बताया 'सोने जैसे दिल वाली'
आदित्य ने अपनी पत्नी को 'सोने जैसे दिल वाली' बताते हुए कहा कि दर्शकों ने अभी तक यामी की 50 प्रतिशत क्षमता भी नहीं देखी है।
उन्होंने फिल्म 'आर्टिकल 370' और 'हक' में यामी के अभिनय को सर्वश्रेष्ठ बताया और कहा कि आने वाले समय में दर्शक उनका और भी बेहतरीन काम देखेंग, वहीं पत्नी को निर्देशित करने के सवाल पर आदित्य ने स्पष्ट किया कि निजी रिश्ते के बावजूद वे दोनों काम के प्रति हमेशा पेशेवर रवैया रखते हैं।