उस्मान ख्वाजा को इस पूर्व क्रिकेटर ने बताया क्रिकेट का सबसे बड़ा गद्दार
क्या है खबर?
दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज फैनी डिविलियर्स ने सैंडपेपर विवाद को लेकर उस्मान ख्वाजा पर तीखा हमला बोला है। एफएम 91.3 से बातचीत में डिविलियर्स ने ख्वाजा को क्रिकेट में अब तक का सबसे बड़ा गद्दार करार दिया। उन्होंने कहा कि वह पिछले 40-50 सालों से क्रिकेट देख रहे हैं, लेकिन ख्वाजा जैसा गद्दार उन्होंने कभी नहीं देखा। ख्वाजा की आत्मकथा में किए गए खुलासों के बाद सैंडपेपर विवाद एक बार फिर चर्चा में है।
बल्लेबाज
ख्वाजा ने अपने खिलाड़ियों को भी धोखा दिया- डिविलियर्स
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज पर निशाना साधते हुए डिविलियर्स ने कहा कि ख्वाजा ने आचार संहिता के हर नियम का उल्लंघन किया है।
उन्होंने इस खुलासे के साथ अपने साथी खिलाड़ियों को भी धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि यह सही या गलत का मामला नहीं है, क्योंकि गलत काम की सजा पहले ही मिल चुकी है।
यह मामला ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का हिस्सा बन चुका है और दुखद है कि ऐसा हुआ।
मामले
ख्वाजा ने हर वो गलत काम किया है, जिसके बारे में सोचा जा सकता है- डिविलियर्स
डिविलियर्स ने आगे कहा, "ख्वाजा ने इस पूरे मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि दोबारा खराब की है। उन्होंने टीम के भीतर खिलाड़ियों की दोस्ती और आपसी भरोसे को तोड़ने का काम किया है। टीम के अंदर जिस आचार संहिता का पालन किया जाना चाहिए, उसका भी उल्लंघन किया है। ख्वाजा ने हर वह गलत काम किया है, जिसके बारे में सोचा जा सकता है।"
समर्थन
माइकल वॉन ने किया ऑस्ट्रेलिया टीम का समर्थन
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने इस मामले में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का समर्थन किया है।
उन्होंने फॉक्स स्पोर्ट्स से बातचीत में कहा कि यह पूरा मामला बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि किसी को भी पूरी सच्चाई नहीं पता है। इससे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को नुकसान पहुंचा है।
उन्होंने यह भी कहा कि इस विवाद का भविष्य में ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट पर निश्चित रूप से असर पड़ेगा। जैसे-जैसे ज्यादा लोग बोलेंगे मामला और प्रभावित होगा।
विवाद
कैसे शुरू हुआ विवाद?
हाल ही में ख्वाजा ने आत्मकथा 'सब्र' में दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को थी।
इसके बाद पैट कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए इन आरोपों को सरासर गलत बताया था।
इस कांफ्रेंस के बाद डेविड वार्नर ने विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कमिंस के रुख पर सवाल उठाए थे।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने ऐलान किया है कि वह इस विवाद में शामिल खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के बयानों को फिर से सुनेगा।