
रूसी एयरलाइंस ने 18-65 वर्ष के पुरुषों को अंतरराष्ट्रीय उड़ान की टिकट देने पर लगाई रोक
क्या है खबर?
रूस और यूक्रेन के मध्य जारी युद्ध के बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को देश में आंशिक सैन्य लामबंदी (अतिरिक्त सैनिकों की तैनाती) की घोषणा की है।
इससे डरे हुए लोग देश छोड़ने का विचार कर रहे हैं। रूस से बाहर जाने वाली सभी अंतरराष्ट्रीय उड़ाने लगभग पूरी बुक हो चुकी हैं।
इस बीच रिपोर्ट आई है कि रूसी एयरलाइंस ने 18 से 65 साल के पुरुषों को अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की टिकट देने पर रोक लगा दी है।
पृष्ठभूमि
पुतिन ने क्या किया है ऐलान?
राष्ट्रपति पुतिन ने देश के नाम संबोधन में आंशिक सैन्य लामबंदी की डिक्री पर हस्ताक्षर करते हुए कहा कि यह फैसला मातृभूमि, इसकी संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए लिया गया है। फिलहाल तीन लाख रिजर्व सैनिकों को तैयार रहने के आदेश दिए हैं। इसके बाद आवश्यकता पड़ने पर अन्य सैनिकों को तैयार किया जाएगा।
इसके अलावा उन्होंने अमेरिका और NATO (नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन) को परमाणु हमला करने की भी चेतावनी दी है।
एयरलाइंस
रूस से बाहर जाने वाली सभी उड़ाने बुक
पुतिन द्वारा इस घोषणा के बाद से ही रूसी लोग घबराए हुए हैं और देश छोड़कर जा रहे हैं।
रूस की एविएलेस वेबसाइट के मुताबिक, आर्मेनिया, जॉर्जिया, अजरबैजान और कजाकिस्तान के आसपास के देशों के लिए रूस से सीधी उड़ानें बुधवार को पूरी तरह बुक हो गई।
वहीं, टर्किश एयरलाइंस की वेबसाइट ने कहा कि इस्तांबुल के लिए उड़ानें, जो रूस से होते हुए आती हैं वो शनिवार तक पूरी तरह से बुक हो चुकी थी।
रिपोर्ट
रूसी एयरलाइंस ने युद्ध करने में सक्षम उम्र वाले पुरुषों को टिकट देना बंद किया
कई पत्रकारों ने ट्विटर पर कहा, रूसी एयरलाइंस ने 18 से 65 साल (युद्ध लड़ने में समक्ष उम्र के लोग) के बीच की उम्र के पुरुषों को टिकट बेचना बंद कर दिया है। एयरलाइंस को डर है कि देश में कभी भी मार्शल लॉ लगाया जा सकता है।
फॉर्च्यून ने एक रिपोर्ट में कहा गया कि रूस के रक्षा मंत्रालय से अग्रिम मंजूरी लेने वाले इस उम्र के पुरुषों को ही देश छोड़ने की अनुमति मिलेगी।
जानकारी
सप्ताह के आखिर में हो सकता है जनमत संग्रह
आउटलेट की रिपोर्ट के मुताबिक, इस सप्ताह के अंत में ही लुहान्स्क और डोनेट्स्क प्रांतों में जनमत संग्रह का आयोजन किया जा सकता है।
इससे पुतिन को यूक्रेन के हिस्सों को आधिकारिक रूप से जोड़ने और उन्हें रूसी क्षेत्र बनाने का मौका मिल सकेगा।
वहीं, बुधवार को पुतिन के संबोधन के बाद, रूस के रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु ने दावा किया कि तीन लाख पुरुषों को सेवा के लिए बुलाया जा सकता है।
अपराधी
यूक्रेन से युद्ध में मदद के लिए अपराधियों की भी भर्ती
द गार्जियन के मुताबिक, युद्ध में शामिल होने के लिए रूस अपराधियों को शामिल करने की कोशिश कर रहा है। इन अपराधियों की भर्तियां वैग्नर ग्रुप नामक संगठन के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन द्वारा की जा रही हैं।
एक अन्य रिपोर्ट में कहा गया कि सभी अपराधियों को छह महीने के बाद राष्ट्रपति पुतिन से माफी मिलेगी और एक महीने में 1.3 लाख रुपये का वेतन दिया जाएगा। बताया गया है कि नई भर्तियों में एक आदमखोर भी शामिल है।