AI इम्पैक्ट समिट से पहले दिल्ली में 30 लाख रुपये तक पहुंची होटल की कीमतें
क्या है खबर?
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इम्पैक्ट समिट से पहले दिल्ली में होटल किराए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गए हैं। सुंदर पिचई और सैम ऑल्टमैन समेत दुनियाभर से बड़े टेक लीडर्स के आने से राजधानी के लग्जरी होटलों में भारी डिमांड देखी जा रही है। कई फाइव-स्टार होटलों में कमरे पूरी तरह बुक हो चुके हैं, जबकि उपलब्ध कमरों के दाम सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गए हैं। इससे दिल्ली की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री में हलचल तेज हो गई है।
कीमतें
ताज पैलेस समेत लग्जरी होटलों में आसमान छूती कीमतें
AI समिट के दौरान दिल्ली ताज पैलेस होटल में 'गार्डन लग्जरी सुइट' की कीमत 27.55 लाख रुपये प्रति रात तक पहुंच गई है। टैक्स जोड़ने के बाद 16 से 20 फरवरी के बीच एक रात का खर्च करीब 32 लाख रुपये बैठता है। इस सुइट में किंग बेड, पूल व्यू और प्रीमियम सुविधाएं मिलती हैं। इसी तरह, अंदाज दिल्ली बाय हयात में 13-14 फरवरी के लिए सिग्नेचर सुइट की कीमत करीब 3.86 लाख रुपये प्रति रात दर्ज की गई है।
होटल
पूरी तरह भर चुके हैं होटल
AI इम्पैक्ट समिट के चलते दिल्ली और NCR के कई बड़े होटल लगभग पूरी तरह भर ही गए हैं। होटल मैनेजमेंट के मुताबिक, 90 से 95 प्रतिशत तक कमरे पहले ही बुक हो चुके हैं। बड़ी संख्या में इंटरनेशनल डेलीगेट्स, नीति निर्माता और कॉर्पोरेट ट्रैवलर्स के आने से कॉर्पोरेट ब्लॉक बुकिंग भी बढ़ी है। लास्ट-मिनट बुकिंग करने वालों के लिए अच्छे कमरे मिलना अब काफी मुश्किल होता जा रहा है।
अन्य
दिल्ली को ग्लोबल इवेंट हब बनाने में मदद
होटल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का कहना है कि AI समिट जैसे बड़े आयोजन दिल्ली को ग्लोबल टेक और पॉलिसी हब के रूप में और ज्यादा मजबूत बनाते हैं। ऐसे इवेंट से सिर्फ होटलों में कमरे भरने का फायदा नहीं होता, बल्कि लंबे समय के बिजनेस मौके, अंतरराष्ट्रीय पहचान और MICE सेक्टर को भी बड़ा लाभ मिलता है। जानकार मानते हैं कि इस समिट का असर दिल्ली की हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री पर लंबे समय तक सकारात्मक और फायदेमंद बना रहेगा।