सोने-चांदी की कीमतों में तेजी का शेयर बाजार में दिखा असर, ETF में आया उछाल
क्या है खबर?
कमजोर डॉलर के बीच अंतरराष्ट्रीय सोने की कीमतों में उछाल के चलते 9 फरवरी को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना-चांदी की कीमतों में तेजी आई है। MCX पर अप्रैल वायदा अनुबंध के लिए सोने का भाव 0.35 फीसदी बढ़कर 1.56 लाख रुपये/10 ग्राम पर खुला, जबकि पिछले दिन 1.55 लाख रुपये पर बंद हुआ। मार्च अनुबंध के लिए चांदी का भाव 4 फीसदी बढ़कर 2.59 लाख रुपये/किलोग्राम पर खुला, जो पिछले दिन 2.49 लाख रुपये पर बंद हुआ था।
ETF
ETF में कितनी हुई बढ़ोतरी?
सोने और चांदी के एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में भारी उछाल आया, जो कीमती धातुओं में देखी गई तीव्र वृद्धि का अनुसरण करता है। सुबह के कारोबार में अप्रैल में समाप्त होने वाले सोने के वायदा भाव में लगभग 2 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 1.58 लाख रुपये/10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। मार्च में समाप्त होने वाले चांदी के वायदा भाव में लगभग 6 प्रतिशत की वृद्धि हुई और 2.64 लाख रुपये/किलोग्राम पर कारोबार कर रहा था।
फायदा
किस-किस ETF में हुआ इजाफा?
UTI सिल्वर ETF में 11 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई और यह 252.08 रुपये/शेयर पर कारोबार कर रहा था, जबकि निप्पॉन इंडिया सिल्वर ETF में 10 प्रतिशत से अधिक की उछाल आई और यह 247 रुपये/शेयर पर पहुंच गया। HDFC और टाटा सिल्वर ETF शेयरों में भी 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि देखी गई। दूसरी तरफ यूनियन, एंजेल वन, 360 वन, LIC MF और कोटक समेत अन्य गोल्ड ETF में 3 प्रतिशत का उछाल आया।