Page Loader
इजरायल-हमास युद्धविराम समझौता: हमास ने थाईलैंड के 5 और इजरायल के 3 नागरिक रिहा किए
हमास ने 2 इजरायली नागरिकों को रिहा किया है

इजरायल-हमास युद्धविराम समझौता: हमास ने थाईलैंड के 5 और इजरायल के 3 नागरिक रिहा किए

लेखन आबिद खान
Jan 30, 2025
07:24 pm

क्या है खबर?

इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम लागू होने के बाद आज तीसरी बार बंधकों और कैदियों की अदला-बदली हुई है। हमास ने इजरायल के 3 नागरिक और थाईलैंड के 5 नागरिकों को रिहा किया है। इसके बदले में इजरायल ने अपनी जेलों में बंद 110 फिलिस्तीनी लोगों को छोड़ेगा। हमास ने जिन लोगों को रिहा किया है, उनमें इजरायली सैनिक अगम बर्गर और महिला नागरिक अर्बेल येहुद शामिल हैं।

थाई बंधक

5 थाई बंधक भी हुए रिहा 

जिन 5 थाईलैंड बंधकों को रिहा किया गया है, उनके नाम सामने नहीं आए हैं। हमास के पास अब भी 8 थाई और एक-एक नेपाली और तंजानियाई नागरिक बंधक है। आज रिहा किए 3 इजरायली नागरिकों को अलग-अलग जगहों से रिहा किया गया, क्योंकि बर्जर को हमास ने बंधक बना रखा था, जबकि येहूद और मोजेस फिलिस्तीनी इस्लामिक जिहाद के कब्जे में थे। इजरायल एक सैनिक के बदले 50 और 2 नागरिकों के बदले 60 कैदियों को रिहा करेगा।

बंधक

रिहा किए गए इजरायली बंधकों के बारे में जानिए

येहूद को किबुत्ज नीर ओज से उनके साथी एरियल कुनियो के साथ बंधक बनाया गया था। वे प्रौद्योगिकी, विज्ञान और अंतरिक्ष केंद्र में काम करती थीं। 20 वर्षीय बर्गर का भी 7 अक्टूबर को सैन्य अड्डे से अपहरण कर लिया गया था। हमले से 2 दिन पहले ही बर्गर की तैनाती हुई थी। 80 वर्षीय मोजेस का भी 7 अक्टूबर को अपहरण हुआ था। उनकी तीनों बेटियां भी बंधक बनाई गई थीं, जिन्हें नवंबर, 2023 में रिहा किया गया था।

थाई बंधकों का परिचय

रिहा किए गए थाई बंधकों के बारे में क्या पता है?

हमास ने 5 थाई बंधकों को भी रिहा किया है। इनकी रिहाई 33 इजरायली बंधकों के अलावा हुई है। बता दें कि 7 अक्टूबर के हमले के बाद हमास ने जिन 251 लोगों को बंधक बनाया था, उनमें 31 थाई निवासी भी शामिल थे। इनमें से कुछ की रिहाई और मौत हो गई है लेकिन 8 अभी भी कैद में हैं। हमास के हमले के वक्त इनमें से ज्यादातर खेतों में मजदूरी कर रहे थे।

रिहाई

अब तक इतने बंधक हुए रिहा

19 जनवरी से इजरायल और हमास के बीच युद्धविराम लागू हुआ था। तब से ये तीसरा मौका है, जब बंधकों और कैदियों की अदला-बदली हुई है। सबसे पहले 20 जनवरी को हमास ने 3 बंधकों को रिहा किया था, जिसके बदले में इजरायल ने 90 फिलस्तीनी कैदियों को वेस्ट बैंक में छोड़ा था। 25 जनवरी को हमास ने 4 महिला सैनिकों को रिहा किया था, जिसके बदले में इजरायल ने 180 फिलिस्तीनी कैदी छोड़े थे।

समझौता

युद्धविराम में कब-क्या होगा? 

युद्धविराम समझौता 3 चरणों में होगा। पहले चरण में हमास 33 बंधकों को रिहा करेगा और इजरायली सेना गाजा सीमा से 700 मीटर पीछे हटेगी। इसी चरण में इजरायल भी कई फिलिस्तीनी कैदियों को जेल से रिहा करेगा। इनमें से 95 लोगों के नाम सामने आए हैं। पहला चरण 6 हफ्ते तक चलेगा। दूसरे चरण की शर्तों पर पहले चरण के दौरान ही बातचीत की जाएगी। तीसरे चरण की जानकारी अभी अस्पष्ट है।