LOADING...
डोनाल्ड ट्रंप बोले- सुना है भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया, ये अच्छा कदम
ट्रंप ने भारत द्वारा रूसी तेल खरीदी बंद करने की रिपोर्टों पर प्रतिक्रिया दी है

डोनाल्ड ट्रंप बोले- सुना है भारत ने रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया, ये अच्छा कदम

लेखन आबिद खान
Aug 02, 2025
10:51 am

क्या है खबर?

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि भारत ने शायद अब रूस से तेल खरीदना बंद कर दिया है, अगर यह सही है तो यह एक 'अच्छा कदम' है। हालांकि, ट्रंप ने कहा कि उन्हें इस बारे में कोई ठोस जानकारी नहीं है। बता दें कि इससे पहले कुछ मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि अमेरिका की नाराजगी और टैरिफ के चलते भारत ने रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दिया है।

बयान

क्या बोले ट्रंप?

जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या उन्होंने भारत पर जुर्माने या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात करने की कोई योजना बनाई है? इस पर ट्रंप ने जवाब दिया, "मुझे सुनने में आया है कि भारत अब रूस से तेल नहीं खरीदेगा। मैंने ऐसा सुना है, लेकिन मुझे नहीं पता कि यह सही है या नहीं। अगर ऐसा है तो यह अच्छा कदम है। अब देखते हैं आगे क्या होता है।"

रिपोर्ट

रिपोर्ट में दावा- भारतीय रिफाइनरियों ने रूसी तेल खरीदना बंद किया

कई रिपोर्टों में दावा किया गया है कि भारतीय सरकारी रिफाइनरियों ने पिछले हफ्ते से ही रूसी तेल खरीदना बंद कर दिया है। कथित तौर पर इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा दी गई चेतावनी है। रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, देश की सरकारी रिफाइनर कंपनियों- इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन, हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन और मैंगलोर रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल लिमिटेड ने पिछले एक हफ्ते से रूस से कच्चा तेल नहीं खरीदा है।

चेतावनी

ट्रंप ने दी है जुर्माने की चेतावनी

ट्रंप ने भारत पर 25 प्रतिशत टैरिफ का ऐलान करते हुए कहा था कि वे भारत पर अतिरिक्त जुर्माना भी लगाएंगे। ये जुर्माना भारत के रूस के साथ व्यापारिक संबंधों को लेकर लगाया जाएगा। दरअसल, पश्चिमी प्रतिबंधों के चलते भारत को रूस से सस्ता कच्चा तेल मिल रहा है। ट्रंप का कहना है कि इससे उनके प्रतिबंध प्रभावी नहीं रहे और रूस इन पैसों का इस्तेमाल यूक्रेन के खिलाफ युद्ध में कर रहा है।

रिपोर्ट

रूस से तेल की खरीदी बंद नहीं हुई- रिपोर्ट

वहीं, सरकारी सूत्रों ने रूस से तेल खरीद बंद करने की रिपोर्टों को खारिज किया है। इंडिया टुडे से सूत्रों ने कहा, "सरकार ने अपना रुख स्पष्ट कर दिया था कि ऊर्जा खरीद बाजार की ताकतों और राष्ट्रीय हितों से प्रेरित है। ऐसी कोई रिपोर्ट नहीं है कि भारतीय तेल कंपनियां रूस से आयात रोक रही हैं।" विदेश मंत्रालय ने कहा था, "हम बाजार में उपलब्ध विकल्पों और वैश्विक स्थिति को ध्यान में रखकर ऊर्जा जरूरतों पर फैसले लेते हैं।

तेल

रूस से कितना कच्चा तेल खरीदता है भारत?

भारत रूसी कच्चे तेल का दूसरा सबसे बड़ा खरीदार है। जून, 2025 में रूस से भारत का कच्चा तेल आयात 11 महीने के उच्चतम स्तर 2.08 मिलियन बैरल प्रति दिन पर पहुंच गया है। यह वृद्धि सऊदी अरब और इराक से संयुक्त आयात से भी ज्यादा है। ट्रंप ने कहा था, "भारत ने हमेशा अपने अधिकांश सैन्य उपकरण रूस से खरीदे हैं। चीन के साथ वे रूस के सबसे बड़े ऊर्जा खरीदार हैं।"