फ्लाईदुबई घटना: कैप्टन स्मित बोले- सिर पर हमला हुआ, सबकुछ धुंधला दिखाई दे रहा था
क्या है खबर?
दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान के कथित अपहरण प्रयासों को टालने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बात की। इस दौरान स्मित ने घटना की पूरी जानकारी उन्हें दी। स्मित ने बताया कि उन्हें सिर के पिछले हिस्से पर एक जोरदार हमला महसूस हुआ और फिर हमले लगातार होते रहे। स्मित ने बताया कि उड़ान सामान्य रूप से शुरू हुई थी और तब उनका सह-पायलट प्रार्थना कर रहा था।
बयान
स्मित बोले- हमलों के कारण सब धुंधला दिख रहा था
स्मित ने कहा, "जब वह प्रार्थना कर रहा था, तो सम्मान के तौर पर मैं आगे देख रहा था। लगभग 4-5 मिनट बाद मेरे सिर के पिछले हिस्से पर जोरदार चोट लगी। मुझे पहले लगा कि विमान में कुछ गड़बड़ है, लेकिन उसके बाद लगातार वार होते रहे। तब मुझे एहसास हुआ कि यह विमान नहीं, बल्कि मेरे साथ बैठा दूसरा व्यक्ति है। मैंने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन हमलों के कारण मुझे दिखना लगभग बंद हो गया था।"
दरवाजा
कैप्टन स्मित ने 2 बार खोला कॉकपिट का दरवाजा
स्मित ने बताया कि उन्होंने पहली बार कॉकपिट का दरवाजा खोला तो आरोपी पायलट ने बंद कर दिया।
उन्होंने कहा, "मैंने एक बार दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकि उसने बंद कर दिया। मैं फर्श पर लेटा हुआ था और लोग चीख रहे थे। इसके बाद मैंने अपनी पूरी ताकत लगा दी और दरवाजा खोल दिया। सौभाग्य से लोग पलटवार करने के लिए तैयार थे। उन्होंने नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और बाकी तो आप जानते ही हैं।"
UAE
UAE ने कहा- आरोपी पायलट आतंकवादी कृत्य की योजना बना रहा था
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने कहा कि सह-पायलट एक 'आतंकवादी कृत्य' की योजना बना रहा था। उन्होंने बताया कि उसने कॉकपिट में रखी आपातकालीन कुल्हाड़ी का इस्तेमाल करके स्मित पर हमला किया।
आरोपी सह-पायलट फिलहाल UAE में हिरासत में है। कई मीडिया आउटलेट्स ने उसकी पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हम्मामी के रूप में की और बताया कि उसके चरमपंथी विचारों को लेकर चिंताओं के चलते उसे ओमान में उड़ान भरने से प्रतिबंधित कर दिया गया था।
घटना
विमान में क्या हुआ था?
30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रहे विमान में अल-हमामी ने कैप्टन स्मित पर हमला किया और उसे कथित तौर पर अपहरण करने की कोशिश की।
उसने पायलट स्मित को घायल कर दिया, इसके बावजूद पायलट ने कॉकपिट का दरवाजा खोला, जिससे बाकी यात्री अंदर आए और बीच-बचाव किया।
बाद में विमान की सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। फिलहाल आरोपी पायलट UAE में है। संभावना है कि इजरायली एजेंसियां उससे पूछताछ कर सकती हैं।
आमंत्रण
नेतन्याहू ने स्मित को स्वतंत्रता दिवस समारोह में आमंत्रित किया
इजरायली प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अगले साल मई में इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया है।
उन्होंने कैप्टन स्मित के साहस की भी खूब तारीफ की।
उन्होंने कहा, "आप भारत और इजरायल के बहादुर लोगों के सच्चे नायक हैं और आप पूरी दुनिया के नायक हैं। यह हमारे स्वतंत्रता दिवस पर दिया जाने वाला हमारा सर्वोच्च सम्मान है।"