जनगणना से परिसीमन विधेयक को अलग कर सकती सरकार, राज्यों में 50 प्रतिशत सीट बढ़ोतरी
क्या है खबर?
केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक पर दक्षिण की पार्टियों के समर्थन के लिए बड़ा फैसला ले सकती है। शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में 2 प्रस्ताव पेश किए जा सकते हैं, जिसमें पहला सभी राज्यों में लोकसभा की सीटों में 50 प्रतिशत की बढ़ोतरी और दूसरा इस प्रक्रिया को जनगणना से अलग करना। कैबिनेट बैठक में प्रस्तावों को हरी झंडी मिलने के बाद 30 नवंबर को संसद के एक दिवसीय सत्र में इसे पेश किया जा सकता है।
विरोध
दक्षिण के राज्यों के विरोध का हल
दरअसल, तमिलनाडु और केरलम जैसे राज्यों ने तर्क दिया है कि जनसंख्या के आंकड़ों के आधार पर परिसीमन की प्रक्रिया से उन राज्यों को फायदा हो होगा, जिनकी जनसंख्या बढ़ रही है, जबकि जनसंख्या नियंत्रण करने वाले दक्षिण के राज्यों को नुकसान होगा।
इसी आधार पर परिसीमन विधेयक का दक्षिण की पार्टियां विरोध कर रही थी, जबकि अब केंद्र सरकार नए प्रस्ताव से उनका समर्थन हासिल कर सकती है।
अप्रैल में परिसीमन विधेयक गिर गया था।
सत्र
30 नवंबर और 2 दिसंबर को बुलाया गया सत्र
केंद्र सरकार ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर संसद का सत्र बुलाने का अनुरोध किया है।
सरकार ने आवश्यक काम के लिए लोकसभा सत्र 30 नवंबर और राज्यसभा सत्र 2 दिसंबर को बुलाने के लिए कहा है, जिसे 3 दिसंबर को स्थगित किया जाएगा।
बता दें कि 13 अगस्त को मानसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुआ था, लेकिन सत्रावसान नहीं किया गया था। यह सत्र उसी का हिस्सा है।
इसके बाद शीतकालीन सत्र बुलाया जाएगा।
समर्थन
YSRCP और DMK समर्थन पर कर रहे विचार
केंद्र के प्रस्ताव के बाद आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और YSR कांग्रेस पार्टी (YSRCP) के प्रमुख जगन रेड्डी और तमिलनाडु की द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) विधेयक के साथ जा सकते हैं।
YSRCP ने पहले भी बिल का समर्थन किया था और अब उसे उम्मीद है कि बदला बिल दक्षिणी राज्यों के लिए 50 प्रतिशत कोटा देगा। पार्टी शुक्रवार को औपचारिक फैसला लेगी।
DMK भी जनगणना के आधार पर विधेयक की विरोधी थी, लेकिन अब साथ जा सकती है।
बिल
2029 के लोकसभा चुनाव से पहले विधेयक लागू करना चाहती है केंद्र
केंद्र सरकार ने संविधान संशोधन के तहत परिसीमन विधेयक से लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 850 करने और संसद के साथ राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव दिया है।
सरकार इसे 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लागू करवाना चाहती है, जिसके लिए अप्रैल में उसका पहला प्रयास असफल हो गया था।
सरकार को इस विधेयक को पास कराने के लिए संसद में 2-तिहाई बहुमत की आवश्यकता है।
व्हीप
कांग्रेस ने सभी सांसदों को दिल्ली बुलाया
परिसीमन विधेयक की चर्चा के बीच कांग्रेस ने अपने सभी सांसदों को 30 नवंबर को होने वाली संसद के सत्र से पहले 29 नवंबर को सुबह 10 बजे तक दिल्ली में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।
शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने भी अपने सांसदों को व्हीप जारी करके 30 नवंबर की बैठक में उपस्थित रहने को कहा है।
उद्धव ठाकरे की शिवसेना के सांसद संजय राउत ने कहा कि परिसीमन विधेयक पर INDIA गठबंधन एकसाथ फैसला लेगा।