फ्लाईदुबई घटना: ओमानी पायलट ने कैप्टन स्मित पर कॉकपिट कुल्हाड़ी से किया था हमला- UAE
क्या है खबर?
दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में हुई घटना की जांच जारी है। अब संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अटॉर्नी जनरल ने कहा कि ओमान के पायलट ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार पर कॉकपिट में मौजूद छोटी कुल्हाड़ी से हमला किया था। इस कुल्हाड़ी का इस्तेमाल आपातकालीन परिस्थितियों में कांच वगैरह तोड़ने के लिए किया जाता है। हालांकि, घटना के उद्देश्य और इसके पीछे की परिस्थितियों की जांच जारी है।
आतंकवादी कृत्य
UAE ने घटना को 'आतंकवादी कृत्य' बताया
UAE अटॉर्नी ने कहा कि भारतीय पायलट स्मित पर हमला 'आतंकवादी कृत्य' के तहत किया गया था।
UAE अधिकारी ने इस घटना को एक खतरनाक आतंकवादी कृत्य बताते हुए कहा कि पायलट स्मित की बहादुरी को मान्यता मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा, "भारतीय पायलट एक खतरनाक स्थिति से निपटने के दौरान साहस और जिम्मेदारी का प्रदर्शन करने के लिए हर तरह से प्रशंसा के पात्र हैं, जिसके परिणामस्वरूप एक बड़ी आपदा हो सकती थी।"
पायलट
पायलट की पहचान सामने आई
सऊदी के अल अरबिया ने सूत्रों के हवाले से सह-पायलट की पहचान ओमान के नागरिक हमाम अल-हमामी के रूप में की है। रिपोर्ट में कहा गया कि अल-हमामी ने अपना ज्यादातर समय ओमान से बाहर, खासतौर पर सीरिया में बिताया, जहां कथित तौर पर वो चरमपंथी विचारों से प्रभावित हुआ।
सूत्रों ने बताया कि ओमान ने उसके चरमपंथी विचारों को लेकर चिंताओं के चलते प्रतिबंध लगा दिया था। इसके बाद वो UAE चला गया।