फरहान अख्तर ने शुरू की आरडी बर्मन की बायोपिक, संगीतकार की जिंदगी के खुलेंगे पन्ने
क्या है खबर?
महान संगीतकार आरडी बर्मन पर फिल्म को लेकर फरहान अख्तर लंबे वक्त से चर्चा में हैं। नीरज पांडे के निर्देशन में बन रही इस बायोपिक की शूटिंग अब शुरू हो चुकी है। अभिनेता ने मुंबई के वर्ली में एक गाने के सीक्वेंस के साथ शूटिंग शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गणेश आचार्य इस भव्य गाने को कोरियोग्राफ कर रहे हैं। फरहान को आखिरी बार पिछले साल आई युद्ध ड्रामा फिल्म '120 बहादुर' में देखा गया था।
योजना
संगीतकार के संगीतमय सफर को दिखाने की तैयारी
मिड-डे की एक रिपोर्ट की मानें, तो बायोपिक की प्रोडक्शन टीम इसके म्यूजिकल हिस्सों पर ज्यादा ध्यान दे रही है।
निर्माता चाहते हैं कि म्यूजिक कंपोजर की जिंदगी से जुड़ी जरूरी घटनाओं को दिखाने की बजाए, उस माहौल और संगीतमय सफर को दोहराया जाए जिसने बर्मन को भारतीय सिनेमा के सबसे मशहूर संगीतकारों में से एक बनाया।
उनकी इस संगीतमय उपलब्धि को पर्दे पर दर्शाने की जिम्मेदारी फरहान ने अपने कंधों पर उठाई है।
उम्मीद
दिसंबर तक शूटिंग चलने की उम्मीद
निर्माता चाहते हैं कि बायोपिक देखने वाले हर दर्शक को संगीतकार की जिंदगी में लाया जाए, न सिर्फ उनकी जिंदगी से जुड़ी बातों को सुनाया जाए। इसलिए फिल्म के म्यूजिकल पलों पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है।
फिल्म के लिए शुरू हुआ यह शूटिंग शेड्यूल दिसंबर तक चलने की उम्मीद है।
फरहान के फैंस भी उन्हें बर्मन उर्फ 'पंचम दा' का प्रभावशाली किरदार पर्दे पर निभाते हुए देखने के लिए अभी से बेहद उत्साहित हैं।