क्राइस्टचर्च टेस्ट: न्यूजीलैंड ने अपनी पारी में गंवाए 5 विकेट, ऐसा रहा पहला दिन
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ क्राइस्टचर्च टेस्ट में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने पहले दिन के खेल की समाप्ति तक 246/5 का स्कोर बनाया। मेजबान टीम से कप्तान टॉम लैथम (59) और टॉम ब्लंडेल (53*) ने अर्धशतक लगाए। स्टम्प्स की घोषणा तक क्रीज पर ब्लंडेल और ग्लेन फिलिप्स (36*) बने हुए हैं। भारत की ओर से ओर से आकाश दीप ने 2 विकेट लिए। आइए आज के खेल पर एक नजर डालते हैं।
अर्धशतक
लैथम ने अर्धशतक लगाकर दिलाई अच्छी शुरुआत
पिछले टेस्ट की दोनों पारियों में शून्य पर आउट होने वाले कप्तान लैथम ने क्राइस्टचर्च टेस्ट में अर्धशतक लगाया।
यह उनके टेस्ट करियर का कुल 32वां और भारत के खिलाफ नौवां अर्धशतक साबित हुआ।
वह 128 गेंदों में 6 चौकों की मदद से 59 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने डेवोन कॉनवे के साथ मिलकर 77 रन की साझेदारी की।
कॉनवे 31 रन बनाकर पहले विकेट के रूप में आउट हुए।
स्कोर
110 के स्कोर पर गिरे न्यूजीलैंड के 3 विकेट
पहले विकेट के लिए अच्छी साझेदारी करने वाली न्यूजीलैंड की टीम को 110 के स्कोर पर अपना दूसरा झटका लैथम के रूप में लगा। वह आकाशदीप का शिकार बने।
दिलचस्प रूप से इसी स्कोर पर मेजबान टीम के अगले 2 विकेट भी गिर गए।
इस बीच हेनरी निकोल्स 16 रन बनाकर और रचिन रविंद्र बिना खाता खोले ही आउट हुए।
निकोल्स को अंशुल कंबोज ने और रचिन को आकाशदीप ने पवेलियन की राह दिखाई।
पारी
ब्लंडेल और फिलिप्स ने पारी को संभाला
एक ही स्कोर पर 3 विकेट खोने के बाद न्यूजीलैंड से डेरिल मिचेल और ब्लंडेल ने 74 रन की साझेदारी की।
अनुभवी बल्लेबाज मिचेल 31 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद ब्लंडेल ने अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने फिलिप्स के साथ मिलकर न्यूजीलैंड का स्कोर 250 के करीब पहुंचाया और टीम को कोई और नुकसान नहीं होने दिया।
भारत की ओर से पहले दिन 85 ओवर गेंदबाजी देखने को मिली।
गेंदबाजी
ऐसी रही भारत की गेंदबाजी
अपना टेस्ट डेब्यू करने वाले गुरनूर बरार ने 19 ओवर गेंदबाजी की, जिसमें 52 रन देते हुए एक विकेट लिया।
आकाश ने 21 ओवर में 52 रन देते हुए 2 सफलताएं हासिल की।
वाशिंगटन सुंदर के हिस्से में एक विकेट आया। उन्होंने अपने 9 ओवर में 36 रन देते हुए एक विकेट लिया।
जसप्रीत बुमराह कोई विकेट नहीं ले सके। उन्होंने 19 ओवर में 37 रन दिए।
कंबोज के हिस्से में भी एक विकेट आया।