रूस ने पूर्वी यूक्रेन के रेलवे स्टेशन पर दागे रॉकेट, 35 की मौत और 100 घायल
क्या है खबर?
रूस और यूक्रेन के बीच जारी जंग शुक्रवार को 43वें दिन भी जारी है। रूस की सेना राजधानी कीव पर कब्जा नहीं जमा सकी है।
इसी बीच रूस की सेना ने पूर्वी यूक्रेन के क्रामटोर्स्क स्थित एक रेलवे स्टेशन पर दो रॉकेज दागे हैं। इस हमले में करीब 35 लोगों की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक घायल हो गए। हमले के दौरान स्टेशन पर हजारों लोग मौजूद थे।
दोनेत्स्क के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने यह जानकारी दी है।
हमला
सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी में जुटे थे लोग
गवर्नर किरिलेंको ने बताया कि क्रामटोर्स्क शहर के रेलवे स्टेशन का इस्तेमाल लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाने के लिए किया जा रहा था। ऐसे में शुक्रवार को वहां हजारों की संख्या में लोग जमा थे और ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि उसी दौरान रूस की सेना ने स्टेशन पर क्रूज मिसाइलों से रॉकेट दाग दिए। इससे मौके पर मौजूद लोगों में से 35 की मौत हो गई और 100 से अधिक घायल हो गए।
बचाव कार्य
हमले के बाद शुरू किया बचाव कार्य
न्यूज 18 के अनुसार, यूक्रेन के रेलवे प्रमुख ओलेक्जेंडर कैमिशिन ने बताया कि रूसी सेना ने क्रामटोर्स्क रेलवे स्टेशन पर दो रॉकेट दागे हैं। अब तक मिली जानकारी के अनुसार 35 लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से अधिक घायल है।
उन्होंने बताया कि हमले के बाद यूक्रेन की सेना ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, बचाव कार्य के आगे बढ़ने के साथ घायलों की संख्या में भी इजाफा होता जा रहा है।
हमला
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने बोला रूस पर हमला
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमीर जेलेंस्की ने रॉकेट हमले के बाद रूस पर हमला बोलते हुए उसे दुष्ट करार दिया है।
हमले के बाद सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में जेलेंस्की ने कहा, "वे नागरिक आबादी को निशाना बनाते हुए उसे नष्ट कर रहे हैं। यह एक ऐसी दुष्टता है जिसकी कोई सीमा नहीं है। यदि समय रहते उसे दंडित नहीं किया जाता है, तो यह कभी नहीं रुकेगा।"
बता दें कि इस समय यूक्रेन में हालत बेहद खराब हैं।
चुप्पी
रूस की सेना ने हमले पर नहीं दिया कोई बयान
इस हमले पर रूस की सेना ने कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। इसी तरह उसने हताहतों की संख्या को लेकर भी कोई खुलासा नहीं किया है।
बता दें कि रूस ने 24 फरवरी को यूक्रेन पर हमला किया था और उसके कई शहरों को तबाह कर दिया है। इसमें अब तक हजारों बेगुनाह लोगों की मौत हो चुकी है।
इसके बाद भी रूस ने अभी तक आम नागरिकों पर हमला किए जाने की बात स्वीकार नहीं की है।
हालात
यूक्रेन में वर्तमान में कैसे हैं हालात?
बता दें भले ही रूस ने सैन्य गतिविधियां कम करने का ऐलान किया है, लेकिन वर्तमान में उसेन अपनी सेना को यूक्रेन के पूर्व और दक्षिण में फिर से तैनात कर दिया है। उसका उद्देश्य कब्जे वाले क्रीमिया और डोनबास में दोनेत्स्क और लुगांस्क के मास्को समर्थित अलगाववादी राज्यों के बीच एक जमीनी संपर्क बनाना है।
इस बीच यूक्रेन के अधिकारियों ने पूर्वी यूक्रेन के नागरिकों को हमले की आशंक के तहत सुरक्षित स्थानों पर जाने की चेतावनी दी है।