अमेरिका के विदेश मंत्री रुबियो और युद्ध मंत्री हेगसेथ के आवास के ऊपर मंडराए रहस्यमयी ड्रोन
क्या है खबर?
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच गुरुवार को अमेरिका की राजधानी वाशिंगटन स्थित फोर्ट मैकनेयर सैन्य अड्डे के ऊपर रहस्यमय ड्रोन देखे गए हैं। ड्रोन को लेकर अमेरिकी अधिकारियों में खलबली मच गई है क्योंकि इसी अड्डे पर अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और युद्ध मंत्री पीट हेगसेथ के आवास स्थित हैं। अभी तक यह पता नहीं लगाया जा सका है कि ये ड्रोन कहां से आए थे। फिलहाल, जांच की जा रही है।
डर
दोनों मंत्रियों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की तैयारी
वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक, घटना के सामने आने के बाद अमेरिकी अधिकारियों ने रुबियो और हेगसेथ दोनों के आवासों को बदलने पर विचार शुरू कर दिया है। पेंटागन और अमेरिकी विदेश विभाग ने इस संबंध में कोई टिप्पणी नहीं की है कि दोनों को कहां शिफ्ट किया जा रहा है। पेंटागन के मुख्य प्रवक्ता शॉन पार्नेल ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए हेगसेथ के तबादलों के बारे में बात करने से इनकार कर दिया।
खतरा
अमेरिकी सेना के लिए हाई अलर्ट जारी
यह घटना तब हुई, जब ईरान पर अमेरिका-इजरायल के हमले तेज हो गए हैं। ईरान ने युद्ध में अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई समेत कई वरिष्ठ लोगों को खो दिया है। अमेरिकी अधिकारी ड्रोन घटना को गंभीरता से ले रहे हैं और उच्च स्तरीय बैठकें कीं है। ईरानी सुरक्षा प्रमुख अली लारीजानी और खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब की हत्या के बाद जवाबी कार्रवाई की आशंका को देखते हुए अमेरिकी सेना और अमेरिकी राजनयिक मिशन हाई अलर्ट पर हैं।