Page Loader
IPL 2021: सनराइजर्स हैदराबाद ने बेयरस्टो की जगह शेरफेन रदरफोर्ड को शामिल किया
रदरफोर्ड इससे पहले भी IPL में खेल चुके हैं

IPL 2021: सनराइजर्स हैदराबाद ने बेयरस्टो की जगह शेरफेन रदरफोर्ड को शामिल किया

Sep 12, 2021
12:42 pm

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2021 के बचे हुए सीजन से सनराइजर्स हैदराबाद के जॉनी बेयरस्टो ने हटने का फैसला किया है। SRH ने उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड को शामिल किया है। वह इस समय कैरिबियन प्रीमियर लीग (CPL) में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स की ओर से खेल रहे हैं। बता दें रदरफोर्ड इससे पहले भी IPL में खेल चुके हैं।

IPL

दिल्ली कैपिटल्स से खेल चुके हैं रदरफोर्ड

23 वर्षीय रदरफोर्ड इससे पहले IPL 2019 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) की ओर से खेल चुके हैं। उस सीजन में उन्होंने सात मैचों में 14.60 की औसत से 73 रन बनाए थे। रदरफोर्ड ने अब तक 69 टी-20 मैचों में 24.48 की औसत और 138.26 की स्ट्राइक रेट से 1,102 रन बना लिए हैं। इस बीच उन्होंने पांच अर्धशतक भी अपने नाम किए हैं।

जानकारी

अच्छी फॉर्म में चल रहे हैं रदरफोर्ड

रदरफोर्ड फिलहाल CPL में सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स की टीम से खेल रहे हैं और उनका सीजन अच्छा चल रहा है। उन्होंने सात मैचों में तीन अर्धशतक सहित 202 रन बनाए हैं।

IPL 2021

बेयरस्टो के साथ-साथ मलान और वोक्स भी हटे

IPL के बचे हुए सीजन से बीते शनिवार को तीन इंग्लिश खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस लिया था। बेयरस्टो के अलावा पंजाब किंग्स के लिए केवल एक मैच खेले डेविड मलान भी लीग का हिस्सा नहीं होंगे। पंजाब ने मलान की जगह दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज ऐइडन मार्करम को साइन किया है। दूसरी तरफ अंक तालिका में पहले स्थान पर मौजूद दिल्ली कैपिटल्स के ऑलराउंडर क्रिस वोक्स भी IPL खेलने के लिए UAE नहीं आ रहे हैं।

इंग्लिश खिलाड़ी

स्टोक्स, बटलर और आर्चर पहले ही हो चुके हैं बाहर

जोस बटलर ने जून के अंत में ही लीग के बचे सीजन में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया था। बटलर की पत्नी दोबारा मां बनी हैं और हाल ही में वह भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेले हैं। तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर इंजरी के चलते इस पूरे साल की क्रिकेट से बाहर हो चुके हैं। बेन स्टोक्स ने अगस्त के आखिर में क्रिकेट से अनिश्चित समय का ब्रेक लिया था और वह भी IPL के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।

जानकारी

ये इंग्लिश खिलाड़ी लेंगे सीजन में हिस्सा

मोईन अली, सैम बिलिंग्स, सैम कर्रन, टॉम कर्रन, जॉर्ज गार्टन, इयोन मोर्गन, क्रिस जॉर्डन, आदिल राशिद, लियाम लिविंगस्टोन और जेसन रॉय के लीग में खेलने की उम्मीद है।