LOADING...
IPL 2023: CSK की खिताबी जीत से रिंकू के छक्कों तक, जानिए सीजन के प्रमुख पल 
रिंकू सिंह ने इस सीजन शानदार बल्लेबाजी की थी (तस्वीर: ट्विटर/@IPL)

IPL 2023: CSK की खिताबी जीत से रिंकू के छक्कों तक, जानिए सीजन के प्रमुख पल 

May 30, 2023
03:09 am

क्या है खबर?

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग है। इस साल इसका 16वां संस्करण खेला गया, जहां 10 टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। गुजरात टाइटंस (GT), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), मुंबई इंडियंस (MI) और लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने प्लेऑफ में जगह बनाई। उसके बाद GT और CSK के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया, जिसमें CSK ने GT को हराकर पांचवीं बार खिताब जीता। आइए इस सीजन के यादगार पलों पर नजर डालते हैं।

छक्का

रिंकू सिंह ने आखिरी ओवर में लगातार 5 छक्के जड़कर GT से छीना मैच

IPL 2023 के 13वें मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के रिंकू सिंह ने गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ लगातार 5 छक्के लगाने का कारनामा कर दिखाया था। जीत के लिए मिले 205 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरे रिंकू ने 21 गेंदों में 48 रन बनाए थे। आखिरी 5 गेंदों में 28 रनों की दरकार थी, तब रिंकू ने यश दयाल की अंतिम 5 गेंदों पर लगातार 5 छक्के लगाने का अविश्वसनीय कारनामा कर दिखाया था।

हैट्रिक

राशिद खान ने KKR के खिलाफ ली हैट्रिक 

IPL 2023 के 13वें मुकाबले में GT के स्टार स्पिनर राशिद खान ने KKR के खिलाफ कमाल का प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक ली थी। उन्होंने टी-20 अंतरराष्ट्रीय, बिग बैश लीग (BBL) कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) और IPL में हैट्रिक ली है। हार्दिक पांड्या इस मैच में नहीं खेल रहे थे, ऐसे में राशिद कप्तान भी थे। बतौर कप्तान हैट्रिक लेने वाले राशिद IPL में दूसरे खिलाड़ी बने थे। उनसे पहले शेन वाटसन (2014) ने उपलब्धि हासिल की थी।

Advertisement

अर्धशतक

यशस्वी जायसवाल ने जड़ा IPL इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक

IPL 2023 में इस सीजन अपनी बल्लेबाजी से कमाल करने वाले यशस्वी जायसवाल ने KKR के खिलाफ ऐतिहासिक पारी खेलते हुए सिर्फ 13 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया था। ये IPL के इतिहास का सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा था। राहुल ने पंजाब किंग्स (PBKS) के लिए खेलते हुए साल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ 14 गेंद में अर्धशतक लगाया था। इस सीजन यशस्वी ने 14 मैच में 625 रन बनाए।

Advertisement

लड़ाई

कोहली और गंभीर की हुई लड़ाई 

1 मई 2023 को लखनऊ में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और LSG के बीच मुकाबला खेला गया था। मैच के दौरान विराट कोहली और नवीन उल हक के बीच जोरदार बहस देखने को मिली थी। यहां तक कहा गया कि कोहली ने नवीन को अपने जूते दिखाए हैं। मैच के बाद गौतम गंभीर कोहली पर भड़क गए और दोनों के बीच खूब लड़ाई हुई। इसके बाद सोशल मीडिया पर नवीन पूरे सीजन में बार-बार कोहली को ट्रोल करते नजर आए।

जडेजा

जडेजा ने ऐसे बनाया CSK को चैंपियन 

CSK को पांचवीं बार चैंपियन बनने के लिए GT के खिलाफ आखिरी 2 गेंद पर 10 रन की जरूरत थी। गेंद मोहित शर्मा के हाथ में थी और सामने रविंद्र जडेजा बल्लेबाजी कर रहे थे। मैच की पांचवीं गेंद पर जडेजा ने शानदार छक्का जड़ दिया। इसके बाद मोहित ने लेग स्टंप की ओर गेंद डाला और इसे जडेजा ने चौके के लिए भेज दिया। इसी के साथ CSK पांचवीं बार IPL चैंपियन बनी।

मोमेंट्स

इस सीजन बने कुछ और यादगार मोमेंट्स 

विराट कोहली इस सीजन IPL करियर में 7,000 रन पूरे कर लिए हैं। वह इस आंकड़े को छूने वाले पहले बल्लेबाज हैं। इस सीजन एक यादगार पल भी देखने को मिला। भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने 13 मई को चेपॉक स्टेडियम में अपनी शर्ट पर महेंद्र सिंह धोनी का ऑटोग्राफ लिया। IPL की ओपनिंग सेरेमनी के दौरान गायक अरिजीत सिंह महेंद्र सिंह धोनी के पैर छूते नजर आए। उनकी ये तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई।

Advertisement