भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे वनडे में हासिल किया 406 रन का लक्ष्य, बनाए रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम ने वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम को दूसरे वनडे मैच में 8 विकेट से हराते हुए 3 मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त हासिल की। गुवाहटी में जीत के लिए मिले 406 रन के लक्ष्य को भारतीय टीम ने शुभमन गिल के दोहरे शतक (223*) और रोहित शर्मा (101) की पारियों की मदद से हासिल किया। यह भारत द्वारा वनडे में हासिल किया गया सबसे बड़ा लक्ष्य है। आइए मैच में बने रिकॉर्ड्स पर नजर डालते हैं।
लेखा-जोखा
इस तरह से भारतीय टीम ने जीता मुकाबला
वेस्टइंडीज से केसी कार्टी (9) के जल्दी आउट होने के बाद जॉन कैंपबेल (101), शाई होप (104) और आमिर जांगू (114) ने शतक लगाए।
इनके अलावा रोस्टन चेज ने 25 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया और वेस्टइंडीज ने अपना रिकॉर्ड स्कोर बनाया।
जवाब में रोहित और गिल ने 255 रन की साझेदारी की। इसके बाद कोहली ने 29 और गायकवाड़ (31*) रन का योगदान दिया।
गिल की पारी की बदौलत भारत ने 43.3 ओवर में लक्ष्य हासिल किया।
वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज ने बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर
वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट में अपना अब तक का सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया।
क्रिकबज के मुताबिक, इससे पहले वेस्टइंडीज का सर्वोच्च स्कोर 389 रन था, जो 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ सेंट जॉर्ज में आया था।
इस सूची में कैरेबियाई टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर 385/7 रन है, जो आयरलैंड के खिलाफ 2025 में डबलिन में आया था।
इस सूची में अगला स्कोर भी आयरिश टीम के विरुद्ध (381/3, 2025) ही है।
वेस्टइंडीज
भारत के खिलाफ ऐसा कारनामा करने वाली दूसरी टीम बनी वेस्टइंडीज
गुवाहाटी के ACA स्टेडियम में भारत के खिलाफ एक वनडे पारी में 3 बल्लेबाजों के शतक लगाने वाली वेस्टइंडीज दूसरी टीम बन गई।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका एकमात्र ऐसा दूसरा देश है जिसने यह कारनामा किया था।
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, 2015 में वानखेड़े स्टेडियम में फाफ डु प्लेसिस, एबी डिविलियर्स और क्विंटन डिकॉक ने शतक लगाए और कुल 438 रन बनाए थे और आखिरकार 214 रनों से मैच जीता था।
रिकॉर्ड
भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक वाले कैरेबियाई बल्लेबाज बने कैंपबेल
कैंपबेल अब भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक (65 गेंद) लगाने वाले कैरेबियाई बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने रिकार्डो पॉवेल का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1999 में भारत के खिलाफ 72 गेंदों में शतक पूरा किया था।
इस सूची में मार्लन सैमुअल्स 73 गेंदों में (विजयवाड़ा, 2002) तीसरे स्थान पर है।
इसके साथ ही कैंपबेल वेस्टइंडीज से वनडे में 5वें सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं।
बता दें कि लारा सबसे तेज शतक (45 गेंद) लगा चुके हैं।
होप
होप ने धोनी का ये रिकॉर्ड तोड़ा
वेस्टइंडीज के कप्तान होप ने वनडे करियर का 20वां और भारतीय टीम के विरुद्ध चौथा शतक पूरा किया।
होप अब वनडे में विकेटकपीर कप्तान के तौर पर सर्वाधिक शतक (7) लगाने वाले खिलाड़ी बने हैं।
उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा।
बता दें कि धोनी ने बतौर कप्तान विकेटकीपिंग करते हुए 6 शतक लगाए थे। एबी डीविलियर्स 4 शतक के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
आमिर जांगू
आमिर जांगू ने लगाया अपना दूसरा शतक
जांगू ने 77 गेंदों का सामना किया और 114 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 13 चौके और 3 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 148.05 की रही।
यह उनके वनडे करियर का दूसरा ही शतक साबित हुआ।
जांगू ने अब तक 11 मैच खेले हैं और इसकी 9 पारियों में 57.14 की शानदार औसत के साथ 400 रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 2 शतक के अलावा 2 अर्धशतक भी निकले हैं।
कुलदीप
सबसे कम मैचों में 200 विकेट वाले भारतीय स्पिनर बने कुलदीप
कुलदीप अब मैचों के लिहाज से वनडे क्रिकेट में दूसरे सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बने।
भारतीय गेंदबाजों में उनसे तेज सिर्फ मोहम्मद शमी (103) ने ये आंकड़ा छूआ था।
अजीत अगरकर ने 133 मैच और जहीर खान ने 144 मुकाबलों में 200 विकेट पूरे किए थे। अनिल कुंबले और जवागल श्रीनाथ ने 147 मैचों में ये आंकड़ा छूआ था।
ऐसे में कुंबले को पीछे छोड़ते हुए कुलदीप सबसे तेज 200 विकेट लेने वाले भारतीय स्पिनर बने।
रोहित
रोहित ने शतक लगाते हुए अपने 12,000 वनडे रन पूरे किए
रोहित 75 गेंदों में 10 चौकों और 6 छक्कों की मदद से 101 रन बनाकर आउट हुए।
यह उनके वनडे करियर का कुल 35वां और वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथा शतक साबित हुआ।
अपनी इस पारी के दौरान रोहित ने अपने वनडे करियर में 12,000 रन भी पूरे किए। वह इस आंकड़े को छूने वाले तीसरे भारतीय बल्लेबाज बने।
उनसे पहले सचिन तेंदुलकर और कोहली ये आंकड़ा पार कर चुके हैं।
गिल
गिल ने लगाया दोहरा शतक
गिल ने सबसे तेज दोहरा शतक लगाने (117 गेंद) के मामले में ईशान किशन का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा।
बता दें कि किशन ने 126 गेंदों में बांग्लादेश के खिलाफ (2022) दोहरा शतक लगाया था।
ऑस्ट्रेलिया के ग्लेन मैक्सवेल (128 गेंद बनाम अफगानिस्तान, वानखेड़े, 2023), श्रीलंका के पथुम निसानका (136 गेंद बनाम अफगानिस्तान, पल्लेकेले, 2024) और वेस्टइंडीज के क्रिस गेल (138 गेंद बनाम जिम्बाब्वे, कैनबरा, 2015) भी तेज दोहरा शतक लगा चुके हैं।
जानकारी
भारत ने हासिल किया दूसरा सर्वोच्च स्कोर
भारतीय टीम ने वनडे क्रिकेट के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2006 में 435 रन का लक्ष्य हासिल किया था। भारत ने नौवीं बार 400+ रन का स्कोर बनाया।