वेस्टइंडीज की टीम ने रचा इतिहास, पहली बार वनडे में 400+ रन का स्कोर बनाया
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे गुवाहटी वनडे मैच में निर्धारित 50 ओवर के बाद 405/7 स्कोर बनाया। मेहमान टीम की ओर से जॉन कैंपबेल (101), शाई होप (104) और आमिर जांगू (114) ने बेहतरीन शतक लगाए। इसके साथ ही वनडे क्रिकेट के इतिहास में वेस्टइंडीज ने पहली बार 400 रन का आंकड़ा छूआ है। आइए वेस्टइंडीज की पारी और रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
शतक
वेस्टइंडीज की पारी में लगे 3 शतक
वेस्टइंडीज से केसी कार्टी (9) के जल्दी आउट होने के बाद कैंपबेल, होप और जांगू ने शतक लगाए।
इनके अलावा रोस्टन चेज ने 25 गेंदों में 29 रन का योगदान दिया।
यह वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहला ऐसा मौका है, जब वेस्टइंडीज के 3 बल्लेबाजों ने एक पारी में शतक लगाए हैं।
भारत की ओर से ज्यादातर गेंदबाज महंगे साबित हुए। गुरनूर बरार ने 96 रन देते हुए 2 विकेट।
वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज ने बनाया अपना सर्वोच्च स्कोर
वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट में अपना अब तक का सर्वोच्च स्कोर दर्ज किया।
क्रिकबज के मुताबिक, इससे पहले वेस्टइंडीज का सर्वोच्च स्कोर 389 रन था, जो 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ सेंट जॉर्ज में आया था।
इस सूची में कैरेबियाई टीम का तीसरा सर्वोच्च स्कोर 385/7 रन है, जो आयरलैंड के खिलाफ 2025 में डबलिन में आया था।
इस सूची में अगला स्कोर भी आयरिश टीम के विरुद्ध (381/3, 2025) ही है।
जानकारी
इस सूची में शामिल हुई वेस्टइंडीज की टीम
वेस्टइंडीज कुल तीसरी ऐसी टीम बनी है, जिसने भारत के खिलाफ वनडे में 400+ रन बनाए हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका (438/4, वानखेड़े, 2015) और श्रीलंका (411/8, राजकोट, 2009) ऐसा कर चुकी थी।
कारनामा
भारत के खिलाफ ऐसा कारनामा करने वाली दूसरी टीम बनी वेस्टइंडीज
गुवाहाटी के ACA स्टेडियम में भारत के खिलाफ एक वनडे पारी में 3 बल्लेबाजों के शतक लगाने वाली वेस्टइंडीज दूसरी टीम बन गई।
इससे पहले दक्षिण अफ्रीका एकमात्र ऐसा दूसरा देश है जिसने यह कारनामा किया था।
स्पोर्टस्टार के मुताबिक, 2015 में वानखेड़े स्टेडियम में फाफ डु प्लेसिस, एबी डिविलियर्स और क्विंटन डिकॉक ने शतक लगाए और कुल 438 रन बनाए थे और आखिरकार 214 रनों से मैच जीता था।