भारत बनाम वेस्टइंडीज: शाई होप ने अपने वनडे करियर का 20वां शतक लगाया, बनाए ये रिकॉर्ड्स
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के कप्तान शाई होप ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में शतक (104) लगाया। यह उनके वनडे करियर का 20वां और भारतीय टीम के विरुद्ध चौथा शतक पूरा किया। इस बीच उन्होंने जॉन कैंपबेल के साथ मिलकर 110 रन की साझेदारी की। बता दें कि कैंपबेल ने 101 रन की जोरदार पारी खेली। इस बीच होप की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
होप को अपनी पारी में मिले जीवनदान
पहले बल्लेबाजी करते हुए वेस्टइंडीज ने जब 37 रन पर अपना पहला विकेट गंवाया, तब होप क्रीज पर आए।
नंबर-3 पर खेलते हुए होप जब 15 रन के स्कोर पर खेल रहे थे, तब कुलदीप यादव ने अपनी ही गेंद पर उनका कैच छोड़ा।
इसके बाद 27 रन के व्यक्तिगत स्कोर पर विराट कोहली ने उनका कैच छोड़ा।
इन जीवनदान का होप ने भरपूर फायदा उठाया और अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 104 रन बनाकर आउट हुए।
आंकड़े
भारत के खिलाफ होप ने अपना चौथा शतक लगाया
होप ने भारत के खिलाफ 2017 में पहली बार कोई वनडे खेला था।
क्रिकइंफो के मुताबिक, शीर्षक्रम के इस बल्लेबाज ने भारतीय टीम के विरुद्ध अब तक 28 वनडे खेले हैं, इसकी 27 पारियों में उन्होंने लगभग 47 की औसत के साथ 1,000 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच उन्होंने 4 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। इस बीच उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 123 रन रहा है।
शतक
होप ने तोड़ा महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड
होप अब वनडे में विकेटकपीर कप्तान के तौर पर सर्वाधिक शतक (7) लगाने वाले खिलाड़ी बने हैं।
उन्होंने इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा। बता दें कि धोनी ने बतौर कप्तान विकेटकीपिंग करते हुए 6 शतक लगाए थे।
एबी डीविलियर्स 4 शतक के साथ इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं।
होप वेस्टइंडीज की ओर से वनडे में 20 शतकों का आंकड़ा छूने वाले दूसरे बल्लेबाज बने हैं। उनसे ज्यादा शतक सिर्फ गेल (25) ने लगाए हैं।
करियर
शानदार है होप का वनडे करियर
होप ने पहला वनडे मैच साल 2016 में श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ खेला था।
अब तक वह 157 वनडे मैच खेल चुके हैं और इसकी 151 पारियों में लगभग 50 की शानदार औसत के साथ 6,400 से अधिक रन बनाए हैं।
इस बीच 170 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उन्होंने 20 शतक और 32 अर्धशतक लगाए हैं।
वह अब तक 500 से अधिक चौके और 100 से ज्यादा छक्के भी लगा चुके हैं।