डोरडैश ने भारत में खोला पहला ऑफिस, 3,000 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार
क्या है खबर?
अमेरिकी फूड डिलीवरी कंपनी डोरडैश ने आज (30 सितंबर) भारत में अपना पहला ऑफिस हैदराबाद में खोला है। कंपनी ने इसे अपने टैलेंट हब के रूप में शुरू किया है। तेलंगाना के मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने इस ऑफिस का उद्घाटन किया। कंपनी का यह कदम भारत में अपने कामकाज का विस्तार करने की दिशा में है। डोरडैश दुनिया के कई देशों में ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी से जुड़ी सेवाएं देती है और अब हैदराबाद से भारत में काम करेगी।
रोजगार
3,000 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार
डोरडैश के हैदराबाद ऑफिस में शुरुआत में करीब 500 प्रोफेशनल काम करेंगे।कंपनी की योजना आने वाले कुछ वर्षों में यहां कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर 3,000 से ज्यादा करने की है।
इससे हैदराबाद में कस्टमर सर्विस, तकनीक और ऑपरेशन्स से जुड़े कई नए रोजगार के मौके बन सकते हैं। कंपनी के अधिकारियों के मुताबिक, इस हब के विस्तार से शहर में वैश्विक स्तर के काम और नई क्षमताएं भी आएंगी।
डोरडैश 40 से ज्यादा देशों में काम करती है।
हब
दुनियाभर के कारोबार को सपोर्ट करेगा हब
हैदराबाद हब में मुख्य रूप से कस्टमर एक्सपीरियंस और इंटीग्रिटी यानी CXI से जुड़ी टीम के साथ प्रशासनिक कर्मचारी काम करेंगे।
यह डोरडैश का दुनिया में तीसरा CXI सर्विस सेंटर है। यहां की टीमें कंपनी के वैश्विक कारोबार को सपोर्ट करेंगी और ग्राहकों, रेस्टोरेंट तथा डिलीवरी पार्टनर्स से जुड़ी सेवाओं में मदद करेंगी।
कंपनी के मुताबिक, ये टीमें ऐसे प्लेटफॉर्म को सपोर्ट करेंगी, जिसका इस्तेमाल हर महीने करीब 5.6 करोड़ यूजर्स करते हैं।
कंपनी
2013 में चार छात्रों ने शुरू की थी कंपनी
डोरडैश की शुरुआत 2013 में स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के चार छात्रों ने की थी।
कंपनी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए रेस्टोरेंट और ग्राहकों को जोड़ती है और ऑर्डर पहुंचाने के लिए डिलीवरी ड्राइवरों की मदद लेती है। इसका कारोबार मुख्य रूप से भारत के बाहर है।
कंपनी अमेरिका, कनाडा, मैक्सिको, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड और यूरोप के कुछ हिस्सों में काम करती है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय बाजार में वोल्ट और डिलीवरू ब्रांड के जरिए भी सेवाएं देती है।