जॉन कैंपबेल भारत के खिलाफ सबसे तेज वनडे शतक लगाने वाले वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बने
क्या है खबर?
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज जॉन कैंपबेल ने भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाफ वनडे सीरीज में अपनी शानदार फॉर्म जारी रखी है। उन्होंने सीरीज के दूसरे गुवाहटी वनडे में तेज शतक (101) लगाया। यह उनके वनडे करियर का दूसरा ही शतक साबित हुआ। इस बीच उन्होंने कप्तान शाई होप के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी भी निभाई। आइए कैंपबेल की पारी और आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।
पारी
जोरदार रही कैंपबेल की पारी
कैंपबेल ने पारी का 7वां ओवर करने आए प्रसिद्ध कृष्णा की जमकर खबर ली।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने कृष्णा के ओवर में एक छक्का और 3 चौके लगाते हुए अपने इरादे जाहिर किए।
आक्रामक अंदाज में खेलते हुए इस सलामी बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया।
उन्होंने इसके बाद भी तेजी से खेलना जारी रखा और 65 गेंदों में अपनी पारी को शतक में तब्दील किया।
वह 68 गेंदों में 101 रन बनाकर आउट हुए।
करियर
ऐसा है कैंपबेल का वनडे करियर
33 साल के कैंपबेल ने साल 2019 से लेकर अब तक 16 वनडे मुकाबले खेले हैं।
इसकी 14 पारियों में लगभग 40 की औसत से 500 से अधिक रन बनाने में सफल रहे हैं।
उनके बल्ले से 2 शतक और एक अर्धशतक निकला है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 179 रन रहा है।
कैंपबेल ने इस पहले शतकीय पारी आयरलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ साल 2019 में खेली थी।
लिस्ट-A क्रिकेट में वह 1,700 से अधिक रन बना चुके हैं।
आंकड़े
इस सूची में शामिल हुए कैंपबेल
कैंपबेल ने भारत के खिलाफ शुरुआती 10 ओवर के दौरान ही 69 रन बना लिए थे। वह इस अंतराल में सर्वाधिक रन बनाने वाले कैरेबियाई बल्लेबाजों की सूची में शुमार हुए।
क्रिकबज के मुताबिक, क्रिस गेल ने शुरुआती 10 ओवर में 2019 में इंग्लैंड के खिलाफ 77 रन (ग्रॉस आइलेट) और 2009 में इंग्लिश टीम के ही विरुद्ध 76 रन (ब्रिजटाउन) बनाए थे।
इस अंतराल में ब्रायन लारा 66 रन (बनाम बांग्लादेश, 1999) बना चुके हैं।
रिकॉर्ड्स
भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक वाले कैरेबियाई बल्लेबाज बने कैंपबेल
कैंपबेल अब भारत के खिलाफ सबसे तेज शतक लगाने वाले कैरेबियाई बल्लेबाज बने हैं।
उन्होंने रिकार्डो पॉवेल का पिछला रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 1999 में भारत के खिलाफ 72 गेंदों में शतक पूरा किया था।
इस सूची में मार्लन सैमुअल्स 73 गेंदों में (विजयवाड़ा, 2002) तीसरे स्थान पर है।
इसके साथ ही कैंपबेल वेस्टइंडीज की ओर से वनडे में 5वें सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बने हैं। बता दें कि लारा सबसे तेज शतक (45 गेंद) लगा चुके हैं।