उमेश यादव अब पंजाब की टीम से खेलेंगे घरेलू क्रिकेट, विदर्भ का छोड़ा साथ
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव ने अपने घरेलू क्रिकेट करियर को लेकर बड़ा कदम उठाया है। ऐसी खबर है कि वह अगले सीजन में पंजाब की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। इसी क्रम में उन्होंने विदर्भ की टीम का साथ छोड़ने के लिए सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। वह गेस्ट खिलाड़ी के तौर पर पंजाब के साथ जुड़ने वाले हैं। आइए इस खबर पर एक नजर डालते हैं।
रिपोर्ट
पंजाब की ओर से खेलने वाले पहले गेस्ट प्लेयर बने उमेश
टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक, उमेश पंजाब की ओर से साइन किए जाने वाले पहले गेस्ट प्लेयर बन गए हैं।
इसके लिए उन्हें विदर्भ क्रिकेट बोर्ड से नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) भी मिल गई है।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (PCA) के अध्यक्ष अमरजीत मेहता ने उमेश के विदर्भ से पंजाब आने की पुष्टि की है।
पंजाब 34 साल से रणजी ट्रॉफी जीतने का इंतजार कर रहा है और अब उन्हें उम्मीद है कि उमेश का अनुभव टीम के काम आएगा।
बयान
उमेश का अनुभव पंजाब की टीम के आएगा काम- अमरजीत मेहता
PCA के अध्यक्ष मेहता ने कहा कि उमेश के अनुभव से पंजाब के गेंदबाजों को फायदा होने वाला है।
उन्होंने इस बारे में कहा, "वह (उमेश) एक सिद्ध गेंदबाज हैं। उन्होंने विदर्भ के साथ रणजी ट्रॉफी जीती है और भारत के लिए भी चैंपियन गेंदबाज रहे हैं। हमने यह फैसला रेड-बॉल क्रिकेट को ध्यान में रखकर लिया है। हमें लगता है कि उमेश हमें खिताब दिला सकते हैं। उनका अनुभव युवा खिलाड़ियों के लिए बहुत कीमती साबित होगा।"
कारण
अर्शदीप की गैरमौजूदगी में उमेश बढ़ाएंगे पंजाब की गेंदबाजी ताकत
पंजाब के प्रमुख तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में व्यस्तता के कारण घरेलू क्रिकेट में ज्यादातर उपलब्ध नहीं रहते हैं।
वहीं, गुरनूर बरार भी भारत की ओर से खेलने लगे हैं। यही कारण है कि PCA ने उमेश को अपने साथ जोड़ा है।
मेहता ने बताया, "गुरनूर और अर्शदीप भारत की ड्यूटी पर होंगे, जिससे हमारी गेंदबाजी कमजोर हो जाएगी। यही एक कारण है कि हमने उमेश यादव को लाया है।"
करियर
भारत से 56 टेस्ट खेल चुके हैं उमेश
उमेश ने भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में 57 मैच खेले हैं और इसकी 112 पारियों में 30.95 की औसत से 170 विकेट लिए हैं।
अपने प्रथम श्रेणी करियर में उन्होंने 29.71 की औसत से 380 विकेट लिए हैं।
भारत की ओर से 75 वनडे मैचों में उन्होंने 33.63 की औसत से 106 विकेट चटकाए हैं।
उन्होंने भारत की ओर से 9 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 12 सफलताएं हासिल की है।