Page Loader
व्हाट्सऐप ग्रुप्स में आए ढेरों नए फीचर्स, कम्युनिटीज और मेसेज रिऐक्शंस भी शामिल
व्हाट्सऐप अपने ग्रुप चैट्स के लिए कई नए फीचर्स लेकर आया है।

व्हाट्सऐप ग्रुप्स में आए ढेरों नए फीचर्स, कम्युनिटीज और मेसेज रिऐक्शंस भी शामिल

Apr 15, 2022
01:29 pm

क्या है खबर?

मेसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप अपने ग्रुप्स के लिए ढेरों नए फीचर्स लेकर आया है। इन फीचर्स में व्हाट्सऐप कम्युनिटीज, 32 लोगों के साथ वॉइस कॉल्स और 2GB तक फाइल साइज लिमिट से लेकर मेसेज रिऐक्शंस तक शामिल हैं। इन फीचर्स को अगले कुछ सप्ताह में सभी यूजर्स के लिए रोलआउट किया जाएगा। कंपनी लंबे वक्त से इनकी टेस्टिंग बीटा यूजर्स के साथ कर रही थी और अब इन्हें आधिकारिक रूप से रिलीज किया गया है।

कम्युनिटीज

व्हाट्सऐप ग्रुप्स का ग्रुप हैं कम्युनिटीज

लोकप्रिय मेसेजिंग ऐप में मिल रहा कम्युनिटीज फीचर ग्रुप्स के ग्रुप की तरह है। कंपनी ने कहा है कि कम्युनिटीज के साथ आपस में जुड़े ग्रुप्स को इंटरलिंक किया जाएगा। एक जैसी पसंद वाले लोगों के कई ग्रुप्स को कम्युनिटीज का हिस्सा बनाकर उनमें एकसाथ अपडेट्स भेजे जा सकेंगे। एक कम्युनिटी के अंदर कई ग्रुप्स को शामिल और मैनेज किया जा सकेगा। उदाहरण के लिए, किसी कॉलेज से जुड़ी एक कम्युनिटी में अलग-अलग कोर्स के ग्रुप्स को शामिल किया जाएगा।

रिऐक्शंस

मेसेजेस पर इमोजी की मदद से प्रतिक्रिया

मेटा की ओनरशिप वाली ऐप में यूजर्स को फेसबुक और इंस्टाग्राम से प्रेरित मेसेज रिऐक्शंस फीचर भी मिलेगा। पहले ग्रुप में भेजे गए किसी मेसेज पर प्रतिक्रिया देने के लिए यूजर्स को अलग-अलग मेसेज भेजने पड़ते थे। नए फीचर के साथ वे किसी मेसेज पर इमोजी की मदद से प्रतिक्रिया दे सकेंगे। इसके लिए यूजर्स को चुनिंदा इमोजीस का विकल्प मिल सकता है। ऐसा मेसेज के साथ दिए गए इमोजी विकल्प पर टैप कर किया जा सकेगा।

फाइल

फाइल साइज लिमिट भी बढ़ेगी

व्हाट्सऐप फाइल शेयरिंग साइज लिमिट भी बढ़ाने जा रहा है और अब यूजर्स 2GB तक साइज वाली फाइल्स शेयर कर पाएंगे। कंपनी का दावा है कि इस बदलाव के साथ किसी प्रोजेक्ट पर मिलकर काम कर रहे यूजर्स के लिए फाइल शेयरिंग आसान होगी। हालांकि, फाइल्स के फॉरमेट से जुड़ी जानकारी इसके रोलआउट के वक्त दी जाएगी। बता दें, अभी यूजर्स को व्हाट्सऐप के स्टेबल वर्जन में केवल 100MB तक साइज वाली फाइल्स भेजने का विकल्प मिलता है।

वॉइस

एकसाथ 32 लोगों को वॉइस कॉल्स

यूजर्स को मिले सबसे बड़े फीचर्स में 32 लोगों के साथ एकसाथ वॉइस कॉल शामिल है। व्हाट्सऐप ग्रुप्स अब 32 मेंबर्स के साथ एकसाथ वॉइस कॉलिंग कर सकेंगे। पहले यह लिमिट आठ मेंबर्स की रखी गई थी, जिसके मुकाबले नया अपडेट बड़ा अपग्रेड है। वॉइस कॉल पर अलग-अलग मेंबर्स को दिखाने के लिए व्हाट्सऐप वेवफॉर्म ग्राफिक्स की मदद ले रहा है। वीडियो कॉलिंग के लिए यह लिमिट अभी आठ मेंबर्स की है।

एडमिन कंट्रोल्स

ग्रुप्स में एडमिन्स को मिला बेहतर नियंत्रण

व्हाट्सऐप ग्रुप्स में एडमिन्स को अब पहले के मुकाबले ज्यादा कंट्रोल्स दिए गए हैं। नए अपडेट के बाद एडमिन्स चैट में सभी मेंबर्स की ओर से भेजे गए मेसेजेस डिलीट कर पाएंगे। हालांकि, इस फीचर से जुड़ी ज्यादा जानकारी रोलआउट के समय मिलेगी। एडमिन की ओर से डिलीट किए गए मेसेज की जगह बाकी मेंबर्स को लिखा दिखेगा, 'यह मेसेज (एडमिन का नाम) एडमिन की ओर से डिलीट किया गया है।'

जानकारी

न्यूजबाइट्स प्लस

व्हाट्सऐप के दुनियाभर में दो अरब से ज्यादा यूजर्स हैं और इस ऐप की मदद से रोज 34 करोड़ मिनट की वीडियो कॉल्स की जाती हैं। अकेले भारत में ही 20 करोड़ से ज्यादा यूजर्स रोज व्हाट्सऐप इस्तेमाल करते हैं।