Page Loader
सिद्धारमैया क्यों बने रहेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री, बिहार चुनाव समेत ये वजहें आईं सामने
कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद को लेकर फिर मतभेद सामने आए हैं

सिद्धारमैया क्यों बने रहेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री, बिहार चुनाव समेत ये वजहें आईं सामने

लेखन आबिद खान
Jul 02, 2025
06:35 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में उथल-पुथल के बीच ये तय हो गया है कि सिद्धारमैया ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। इससे पहले चर्चाएं थीं कि डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की मांग कर रहे हैं और उन्हें कई विधायकों का समर्थन भी है। उभरते मतभेदों के बीच कर्नाटक के कांग्रेस प्रभारी रणदीप सुरजेवाला बेंगलुरु पहुंचे और दोनों नेताओं में सुलह करवाई। इसके साथ ही एक बार फिर शिवकुमार के हाथ खाली रह गए हैं। आइए सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाए रखने की संभावित वजह जानते हैं।

अध्यक्ष

सिद्धारमैया की मांग- शिवकुमार कांग्रेस अध्यक्ष पद छोड़ें

रिपोर्ट के मुताबिक, सिद्धारमैया मुख्यमंत्री का पद छोड़ने के लिए तैयार हो गए थे, लेकिन उन्होंने शिवकुमार के सामने शर्त रखी थी कि बदले में वो कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का पद छोड़ देंगे। शिवकुमार ने ऐसा करने से मना कर दिया, क्योंकि उनको आशंका थी कि ऐसा करने से सिद्धारमैया अपने किसी करीबी को राज्य अध्यक्ष बनवा सकते हैं। ऐसे में कार्यकर्ताओं पर से उनकी पकड़ ढीली हो सकती है।

बिहार

बिहार चुनाव भी है वजह

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होना है। कांग्रेस आलाकमान का मानना था कि बीच कार्यकाल में मुख्यमंत्री बदलने से बिहार में अच्छा संदेश नहीं जाता। यहां पर सिद्धारमैया की जाति भी मायने रखती, क्योंकि बिहार में जातिगत समीकरणों का अपना महत्व है। इससे विपक्ष को भी कांग्रेस पर हमला करने का मौका मिल जाता है। सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री बनाए रखने की एक वजह ये भी है।

CBI

शिवकुमार के खिलाफ CBI जांच भी बनी वजह

शिवकुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच कर रही है। शिवकुमार के दावेदारी में पिछड़ने के पीछे इसे भी वजह माना जा रहा है। दरअसल, 2017 में आयकर विभाग ने दिल्ली समेत अन्य जगहों पर शिवकुमार के विभिन्न परिसरों पर छापेमारी की थी। इस दौरान साढ़े 8 करोड़ रुपये बरामद किए गए थे। इसके बाद शिवकुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया था। 2019 में शिवकुमार गिरफ्तार भी हुए थे।

खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे की चर्चा क्यों हो रही है?

चर्चाएं हैं कि मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे भी दावेदारी कर रहे हैं। कहा जा रहा है कि अगर बीच कार्यकाल में मुख्यमंत्री बदला जाता तो बाकी दावेदारों का दावा ही खत्म हो जाता। वहीं, अभी प्रियांक की उम्मीदें कायम हैं। NDTV ने सूत्रों के हवाले से कहा कि प्रियांक कभी भी दावेदारी कर सकते हैं और पार्टी अभी जल्दबाजी करने और बाद में विकल्पों पर पुनर्विचार करने के लिए तैयार नहीं है।

बयान

कैसे हुई बदलाव की चर्चाओं की शुरुआत?

कर्नाटक में सिद्धारमैया की जगह शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने की चर्चा तब शुरू हुई, जब कर्नाटक कांग्रेस विधायक एचए इकबाल हुसैन ने दावा किया कि शिवकुमार 2-3 महीने में मुख्यमंत्री बन सकते हैं। उन्होंने कहा था, "सभी जानते हैं कि कर्नाटक में जीत हासिल करने के लिए किसने संघर्ष, पसीना, प्रयास और रुचि दिखाई। उनकी (शिवकुमार की) रणनीति और कार्यक्रम अब इतिहास हैं।" दावा किया गया कि शिवकुमार के साथ करीब 100 विधायक हैं।