Page Loader
'बजरंग बली', 'जहरीला सांप' और '91 गालियां'; कर्नाटक के चुनावी प्रचार में छाए रहे ये मुद्दे
कर्नाटक में 10 मई को मतदान होना है और 13 मई को नतीजे घोषित किए जाएंगे

'बजरंग बली', 'जहरीला सांप' और '91 गालियां'; कर्नाटक के चुनावी प्रचार में छाए रहे ये मुद्दे

लेखन आबिद खान
May 07, 2023
07:18 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में 10 मई को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होना है। राज्य में चुनाव प्रचार अब अंतिम दौर में है, जिसमें सभी दलों के नेता पूरी ताकत झोंक रहे हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजधानी बेंगलुरू में 8 किलोमीटर लंबा रोड शो कर पार्टी के पक्ष में प्रचार किया। कांग्रेस की पूर्व अध्यक्षा सोनिया गांधी ने भी बेलागावी में जनसभा को संबोधित किया। समझते हैं चुनाव प्रचार के दौरान कौन-से भाषण और मुद्दे छाए रहे।

बजरंग दल 

बजरंग दल

कांग्रेस ने अपने घोषणापत्र में बजरंग दल जैसे संगठनों पर बैन की बात कही। जैसे ही घोषणापत्र जारी हुआ, यह मुद्दा पूरे चुनाव प्रचार अभियान में छा गया। भाजपा ने इस पर हाथोंहाथ प्रतिक्रिया देते हुए इसे बजरंग बली से जोड़ दिया। एक रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने बजरंग बली को ताले में बंद करने का निर्णय लिया है। उन्होंने लोगों से बजरंग बली की जय के नारे भी लगवाए।

आरक्षण

आरक्षण

कर्नाटक चुनाव से ठीक पहले राज्य की भाजपा सरकार ने मुस्लिमों को मिला 4 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) आरक्षण खत्म कर इसे राज्य के वोक्कालिग्गा और लिंगायत समुदाय में 2-2- प्रतिशत बांट दिया। अमित शाह ने कहा था कि राज्य में मुस्लिमों को मिला आरक्षण असंवौधानिक था। कांग्रेस ने सत्ता में आने पर ये आरक्षण बहाल करने का वादा किया है। वहींं कांग्रेस ने घोषणापत्र में भी आरक्षण को 50 से बढ़ाकर 75 प्रतिशत करने की बात कही है।

भ्रष्टाचार

भ्रष्टाचार

कांग्रेस नेताओं ने रैलियों में भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। इस दौरान राज्य की भाजपा सरकार पर 40 प्रतिशत कमीशन वाली सरकार होने के आरोप भी लगे। राहुल गांधी ने एक रैली में कहा कि भाजपा नेता जनता से 40 प्रतिशत कमीशन लेते हैं। कांग्रेस ने अखबारों में भ्रष्टाचार के रेट को लेकर एक विज्ञापन भी जारी किया था, जिस पर चुनाव आयोग ने पार्टी को नोटिस भी जारी किया।

फिल्म

'द केरल स्टोरी'

द केरल स्टोरी फिल्म की भी चुनाव प्रचार में चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने एक रैली में फिल्म की चर्चा करते हुए कहा कि बीते कुछ साल में आतंकवाद का एक और भयानक स्वरूप पैदा हो गया है। उन्होंने कहा था, "आतंकी बम, बंदूक और पिस्तौल के बजाय समाज को भीतर से खोखला कर रहे हैं। केरल स्टोरी ऐसी ही कहानी पर आधारित है। दुर्भाग्य देखिए कि कांग्रेस इस आतंकी प्रवृत्ति के साथ खड़ी नजर आ रही है।"

गाली

कांग्रेस ने मुझे 91 बार गालियां दी- प्रधानमंत्री

कर्नाटक के चुनावी प्रचार अभियान में अपनी पहली रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने उन्हें 91 बार गालियां दीं। उन्होंने कहा, "मुझे जब भी कांग्रेस ने गाली दी, तब जनता ने उन्हें सजा दी। मैं जनता के लिए काम करता रहूंगा। जनता के समर्थन से गालियां मिट्टी में मिल जाएंगी। इन गालियों के शब्दकोष में टाइम खराब करने की बजाए अगर कांग्रेस ने इतनी मेहनत गुड गवर्नेंस में की होती तो इनकी इतनी दयनीय स्थिति नहीं होती।"

सांप

जहरीले सांप जैसे हैं प्रधानमंत्री मोदी- मल्लिकार्जुन खड़गे

कर्नाटक के कलबुर्गी में एक चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री मोदी पर आपत्तिजनक बयान दे दिया था। उन्होंने प्रधानमंत्री की तुलना जहरीले सांप से कर दी थी। खड़गे ने कहा था, "प्रधानमंत्री मोदी जहरीले सांप जैसे हैं। आप सोचेंगे कि जहर है या नहीं, लेकिन अगर आपने चख लिया तो फिर मर जाएंगे।" खड़गे के इस बयान पर भाजपा नेताओं ने खासी आपत्ति जताई थी।

दंगे

कांग्रेस जीती तो राज्य में दंगे होंगे- अमित शाह

25 अप्रैल को कर्नाटक के बेलगाम में एक चुनावी रैली में अमित शाह ने कहा था कि अगर कर्नाटक में कांग्रेस सरकार आती है तो राज्य में दंगे होंगे और परिवारवाद अपने चरम पर आ जाएगा। उन्होंने कहा था, "अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वंशवादी राजनीति हमेशा चरम पर होगी और कर्नाटक में दंगे होंगे। राज्य की प्रगति पर रिवर्स गियर लग जाएगा।" उनके इस बयान के खिलाफ कांग्रेस नेताओं ने शिकायत भी दर्ज कराई थी।

जानकारी

कर्नाटक में 10 मई को होगा मतदान

कर्नाटक में 10 मई को सभी सीटों पर मतदान होगा और 13 मई को नतीजे जारी कर दिए जाएंगे। 2018 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को 104, कांग्रेस को 80 और JD(S) को 37 सीटें मिली थीं। राज्य में कुल 225 विधानसभा सीटें हैं।