Page Loader
शरद पवार के बयान पर राउत बोले- वे बगावती नेताओं के खिलाफ गुरिल्ला रणनीति अपना रहे
संजय राउत ने कहा कि शरद पवार बागियों के खिलाफ गुरिल्ला युद्ध रणनीति अपना रहे है

शरद पवार के बयान पर राउत बोले- वे बगावती नेताओं के खिलाफ गुरिल्ला रणनीति अपना रहे

लेखन आबिद खान
Aug 26, 2023
05:28 pm

क्या है खबर?

कल राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP)के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा था कि पार्टी में कोई बगावत नहीं हुई है। इस बयान के बाद महाराष्ट्र की सियासत में हलचल मच गई थी। अब शिवसेना (उद्धव-बालासाहेब ठाकरे) के नेता संजय राउत ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि शरद साहब राजनीति के भीष्म पितामह हैं और अपनी पार्टी छोड़ने वालों से लड़ने के लिए गुरिल्ला युद्ध रणनीति का इस्तेमाल कर रहे हैं।

बयान

क्या बोले संजय राउत?

राउत ने पत्रकरों से कहा, "लड़ने के 2 तरीके होते हैं। महाराष्ट्र में लड़ाई की 2 परंपरा है। छत्रपति शिवाजी महाराज की शिवसेना सीधे मैदान में लड़ती है। दूसरा होता है गोरिल्ला युद्ध। हमारे साथ जिसने बेईमानी की, हम उनके साथ सीधे मैदान में आकर लड़ रहे हैं। पवार साहब ने गुरिल्ला युद्ध का मार्ग अपनाया है। हमारी पार्टी भी भाजपा के साथ युद्ध के मैदान में लड़ रही है।"

नेता

शरद INDIA गठबंधन के महत्वपूर्ण नेता- राउत

राउत ने कहा, "शरद कभी भी भाजपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। वे महाविकास अघाड़ी और INDIA गठबंधन के एक महत्वपूर्ण नेता हैं। इसका मतलब यह नहीं है कि वह 2 पत्थरों पर खड़े हैं। शरद पवार के बारे में किसी को कोई भ्रम नहीं है। पवार साहब इस देश के राजनीति के भीष्म पितामह है महाराष्ट्र और देश में उनके लिए प्रतिष्ठा है। शिवसेना और NCP दोनों को विभाजन का सामना करना पड़ा था।"

हंगामा

शरद पवार के किस बयान पर हुआ था हंगामा? 

कल शरद ने कहा था कि NCP में कोई फूट नहीं हुई है और अजित पवार का कदम लोकतांत्रिक है। उन्होंने कहा था, "किसी पार्टी में फूट तब पड़ती है जब राष्ट्रीय स्तर पर कोई बड़ा समूह पार्टी से अलग हो जाता है, लेकिन NCP में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। हां, कुछ नेताओं ने अलग रुख अपनाया लेकिन इसे फूट नहीं कहा जा सकता।लोकतंत्र में उन्हें इसका अधिकार है। अजित पार्टी के नेता हैं। इसमें कोई संदेह नहीं है।"

सुले

सुप्रिया सुले ने भी पार्टी में बंटवारे से किया था इनकार

गुरुवार को शरद की बेटी और लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने भी NCP में विभाजन होने से इनकार किया था। सुले ने कहा था कि शरद पवार NCP के राष्ट्रीय अध्यक्ष और जयंत पाटिल महाराष्ट्र के प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने कहा था, "पार्टी में कोई टूट नहीं हुई है। भाजपा केवल कुछ विधायकों को सत्ताधारी गठबंधन की तरफ लाने में सफल हुई है। अजित NCP के वरिष्ठ नेता और विधायक हैं।"