LOADING...
दिल्ली विधानसभा सत्र: सदन से बाहर रोके गए निलंबित AAP विधायक, CAG रिपोर्ट पर होगी चर्चा
दिल्ली विधानसभा सत्र के तीसरे दिन खूब हंगामा हो रहा है

दिल्ली विधानसभा सत्र: सदन से बाहर रोके गए निलंबित AAP विधायक, CAG रिपोर्ट पर होगी चर्चा

लेखन आबिद खान
Feb 27, 2025
12:00 pm

क्या है खबर?

दिल्ली विधानसभा के सत्र का आज तीसरा दिन है। इस दौरान आम आदमी पार्टी (AAP) विधायक और पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि उन्हें सदन में घुसने से रोक दिया गया। AAP विधायकों ने आरोप लगाया कि उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर दी। हंगामे के बीच आतिशी की पुलिसकर्मियों से बहस भी हुई। बता दें कि AAP के 21 विधायकों को 3 दिन के लिए विधानसभा से निलंबित कर दिया गया था।

बयान

AAP बोली- दिल्ली में तानाशाही चल रही

हंगामे पर AAP ने कहा, 'दिल्ली में चल रही तानाशाही! दिल्ली पुलिस के अधिकारी आम आदमी पार्टी के विधायकों और नेता प्रतिपक्ष आतिशी जी को विधानसभा परिसर के अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। अधिकारी बता रहे हैं कि ऐसा वह विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता के आदेश पर कर रहे हैं। भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि जब चुने हुए विधायकों को विधानसभा में ही नहीं जाने दिया जा रहा है।'

ट्विटर पोस्ट

 सदन में प्रवेश नहीं दिए जाने के बाद प्रदर्शन करते AAP विधायक

Advertisement

CAG

आज CAG रिपोर्ट पर होगी चर्चा

सत्र के दूसरे दिन यानी 25 जनवरी को विधानसभा में शराब नीति पर नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट पेश की गई थी। आज इस रिपोर्ट पर सदन में चर्चा होगी। इस दौरान खूब हंगामे के आसार हैं। आज सदन की कार्यवाही शुरू होती है पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्‍टर मनमोहन सिंह के निधन पर 2 मिनट का मौन रखा गया। इसके बाद भाजपा विधायकों ने AAP को निशाने पर लिया।

Advertisement

CAG रिपोर्ट

CAG रिपोर्ट में शराब नीति में भारी गड़बड़ियों का जिक्र

CAG रिपोर्ट में कहा गया कि शराब नीति में बदलाव के कारण दिल्ली सरकार को 2002 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। यह नुकसान लाइसेंस जारी करने, दोबारा टेंडर जारी करने और सिक्योरिटी डिपॉजिट सही से वसूल नहीं करने जैसी वजहों से हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया है कि 71 प्रतिशत आपूर्ति 3 थोक विक्रेताओं के कब्जे में थी और कमीशन 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 12 प्रतिशत कर दिया गया था।

डिप्टी स्पीकर

मोहन सिंह बिष्ट का विधानसभा उपाध्यक्ष बनना तय

विधानसभा में आज उपाध्यक्ष के चयन का प्रस्ताव पेश होगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता मुस्तफाबाद से भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट के नाम का प्रस्ताव रखेंगी। इसके बाद मनजिंदर सिरसा, अनिल शर्मा और गजेंद्र यादव इस प्रस्ताव का समर्थन करेंगे। मोहन का विधानसभा उपाध्यक्ष बनना लगभग तय है। वे 6 बार से विधायक हैं और विधानसभा में सबसे वरिष्ठ भी हैं। 1998 में उन्होंने करावल नगर से पहली बार चुनाव जीता था।

Advertisement