Page Loader
ममता बनर्जी ने कांग्रेस-CPIM पर लगाया भाजपा से मिलीभगत का आरोप, बोलीं- बंगाल में TMC करेगी मुकाबला
ममता बनर्जी ने सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है

ममता बनर्जी ने कांग्रेस-CPIM पर लगाया भाजपा से मिलीभगत का आरोप, बोलीं- बंगाल में TMC करेगी मुकाबला

लेखन आबिद खान
Dec 28, 2023
07:20 pm

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने INDIA गठबंधन में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि पूरे भारत में INDIA गठबंधन बना रहेगा और बंगाल में TMC भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व करेगी। उन्होंने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) और कांग्रेस पर भाजपा के साथ मिलीभगत का आरोप भी लगाया। ममता के इस बयान ने सीट बंटवारे को लेकर कई अटकलों को जन्म दे दिया है।

बयान

क्या बोलीं ममता?

एक रैली को संबोधित करते हुए ममता ने कहा, "CPIM, भाजपा और कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में गठबंधन बनाया है और हमारे खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। विपक्षी गठबंधन INDIA राष्ट्रीय स्तर पर भाजपा का मुकाबला करेगा, जबकि बंगाल में भाजपा के खिलाफ लड़ाई का नेतृत्व TMC करेगी। याद रखें कि बंगाल में केवल TMC ही भाजपा को सबक सिखा सकती है, पूरे देश का मार्गदर्शन कर सकती है, कोई दूसरी पार्टी नहीं।"

भाजपा

ममता ने भाजपा पर भी साधा निशाना

भाजपा सरकार पर हमला करते हुए ममता ने कहा, "केंद्र ने पश्चिम बंगाल के सभी योजनाओं के लिए फंड जारी करना बंद कर दिया है। फिर भी राज्य सरकार अपने खर्च पर करीब 45 दिनों से मनरेगा योजना को जारी रखा है। हम गरीब महिलाओं को 25000 रुपये देते हैं, चाहे वे किसी भी धर्म या समुदाय की हों, अगर वे अविवाहित हैं। नागरिकता के मुद्दे पर भाजपा लोगों को गुमराह करने का काम कर रही है।"

पेंच

ममता के बयान से सीट बंटवारे पर फंस सकता है पेंच

ममता के बयान से लग रहा है कि पश्चिम बंगाल में TMC सभी सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है। हालांकि, इससे पहले ममता ने कांग्रेस के साथ गठबंधन के संकेत दिए थे। कांग्रेस बंगाल की 6 से 8 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने की इच्छुक है, लेकिन TMC का मानना है कि कांग्रेस राज्य में इतनी मजबूत नहीं है कि 6 सीटों पर जीत सके। ऐसे में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंस सकता है।

प्लस

न्यूजबाइट्स प्लस

बंगाल में 2014 लोकसभा चुनाव में TMC ने 34 सीटें जीती थीं, लेकिन 2019 में उसे 22 सीटों पर ही जीत मिली। 2019 में TMC का अधिकांश सीटों पर भाजपा से सीधा मुकाबला हुआ था। राज्य में कांग्रेस का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है। 2019 में उसके मात्र 2 सांसद जीते थे। 2021 के विधानसभा चुनाव में तो कांग्रेस और CPIM के एक भी उम्मीदवार को जीत नहीं मिली थी।