Page Loader
महाराष्ट्र: INDIA गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर बनी सहमति, कांग्रेस 18 सीटों पर लड़ेगी चुनाव
महाराष्ट्र: INDIA के बीच सीट बंटवारे का फॉर्मूला तय

महाराष्ट्र: INDIA गठबंधन के बीच सीट बंटवारे पर बनी सहमति, कांग्रेस 18 सीटों पर लड़ेगी चुनाव

लेखन महिमा
Mar 01, 2024
10:01 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र में भी विपक्षी दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर आम सहमति बन गई है। रिपोर्ट के अनुसार, राज्य में शिवसेना (उद्धव गुट) 20 सीटों पर चुनाव लड़ेगी, कांग्रेस 18 और शरद पवार की पार्टी 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। बता दें कि इससे पहले सीट बंटवारे को लेकर हुई चर्चा में 40 सीटों पर सहमति बन चुकी थी, लेकिन कुछ सीटों को लेकर मतभेद की स्थिति थी।

सूत्र 

48 घंटों में हो सकती है औपचारिक घोषणा 

NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया कि महाराष्ट्र में महा विकास अघाड़ी (MVA) गठबंधन ने 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर बातचीत पूरी कर ली है और अगले 48 घंटों में इसकी औपचारिक घोषणा कर सकती है। 3 मुख्य पार्टियों के अलावा वंचित बहुजन आघाडी (VBA) जैसे क्षेत्रीय दल को शिवसेना (उद्धव गुट) के हिस्से से 2 सीटें मिलेंगी और एक स्वतंत्र उम्मीदवार राजू शेट्टी को पवार के हिस्से से टिकट मिलेगा।

सीट 

MVA का सीट बंटवारा INDIA गठबंधन के लिए अहम 

सूत्रों ने यह भी कहा कि शिवसेना (उद्धव गुट) मुंबई की 6 लोकसभा सीटों में से 4 पर चुनाव लड़ेगी, जिनमें से एक संभवतः मुंबई उत्तर पूर्व सीट VBA को दी जा सकती है। MVA का सीट बंटवारा INDIA गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि अब कुछ ही हफ्तों में चुनावों की घोषणा हो सकती है। कांग्रेस केंद्र की मोदी सरकार को सत्ता से बेदखल करने के लिए लगातार क्षेत्रीय दलों से बातचीत कर रही है।

समीकरण 

महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव दिलचस्प क्यों है?

महाराष्ट्र में लोकसभा की 48 सीटें हैं। 2019 के चुनावों में भाजपा ने 23 और शिवसेना ने 18 सीटें जीती थीं। वहीं, शरद पवार की अविभाजित राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) ने 4 सीटें, कांग्रेस ने 1 सीट और अन्य दलों ने 2 सीटें जीती थीं। अब 2024 में नए समीकरणों के साथ पहला चुनाव होगा क्योंकि इस बार शिवसेना और NCP के 2 गुट आमने-सामने होंगे। भाजपा भी मैदान में है।

सीट बंटवारा

उत्तर प्रदेश और दिल्ली में भी तय हुआ सीट बंटवारा 

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच उत्तर प्रदेश की 80 सीटों के बंटवारे के लिए एक समझौता तय हो चुका है। यहां कांग्रेस 17 और SP 62 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और 1 सीट चंद्रशेखर आजाद की भीम पार्टी को दी गई है। इसके अलावा दिल्ली की कुल 7 लोकसभा सीटों में से 3 पर कांग्रेस और 4 पर आम आदमी पार्टी (AAP) के चुनाव लड़ने पर सहमति बनी है।

गठबंधन 

INDIA गठबंधन के तहत और किन राज्यों में बनी सहमति?

गुजरात की 26 सीटों में से 2 सीटों पर AAP और 24 सीटों पर, हरियाणा की 10 सीटों में कांग्रेस 9 और AAP 1 (कुरुक्षेत्र) पर चुनाव लड़ेगी, जबकि केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ की एक सीट पर भी कांग्रेस चुनाव लड़ेगी। हालांकि, पंजाब में दोनों ही अलग-अलग चुनाव लड़ेंगी, वहीं पश्चिम बंगाल में दोबारा सीटों को लेकर बातचीत शुरू हुई है। इसके अलावा तेलंगाना बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गठबंधन के शामिल पार्टियां मिलकर लड़ेंगी।