Page Loader
#NewsBytesExplainer: कैसे पटरी पर लौट रहा INDIA गठबंधन और किस राज्य में क्या स्थिति?
कई राज्यों में INDIA गठबंधन की सीट बंटवारे को लेकर सहमति बन गई है

#NewsBytesExplainer: कैसे पटरी पर लौट रहा INDIA गठबंधन और किस राज्य में क्या स्थिति?

लेखन आबिद खान
Feb 23, 2024
08:09 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव में भाजपा को टक्कर देने के लिए बने विपक्षी गठबंधन INDIA के लिए धीरे-धीरे कई राज्यों से खुशखबरी आ रही है। पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में सीट बंटवारे को लेकर पार्टियों के बीच सहमति बनती दिख रही है। इससे पहले इन राज्यों में पार्टियों के बीच भारी मतभेद सामने आए थे। आइए जानते हैं कि शुरुआत में लगे झटकों के बाद INDIA गठबंधन अब पटरी पर क्यों लौटने लगा है।

उत्तर प्रदेश 

उत्तर प्रदेश: SP और कांग्रेस में गठबंधन

लोकसभा चुनाव के लिए सबसे अहम उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस में गठबंधन हो गया है। कांग्रेस यहां 17 सीटें पर चुनाव लड़ेगी। बदले में SP को मध्य प्रदेश की खजुराहो सीट कांग्रेस ने दी है। पहले यहां दोनों पार्टियों में मतभेद सामने आए थे। अखिलेश यादव ने कहा था कि SP ने कांग्रेस को 11 सीटें दी हैं, जिसे कांग्रेस ने एकतरफा बताया था। बाद में SP ने उम्मीदवारों की सूची भी जारी कर दी थी।

कांग्रेस

SP-कांग्रेस में कैसे बनी बात?

कहा जा रहा था कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस 21 सीटों की मांग कर रही थी तो SP 17 सीटों पर अड़ी हुई थी। दोनों पार्टियों में बात बिगड़ती देख उत्तर प्रदेश कांग्रेस की पूर्व प्रभारी प्रियंका गांधी ने मोर्चा संभाला और अखिलेश से बात की। इसके बाद कांग्रेस ने 4 सीटों पर समझौता किया और मध्य प्रदेश की एक सीट भी SP को दी। अखिलेश अब राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में भी शामिल होंगे।

महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में खुद राहुल संभाल रहे जिम्मा

महाराष्ट्र में पार्टियों में सहमति बनाने का जिम्मा खुद राहुल संभाल रहे हैं। उन्होंने बीते 2 दिन में शरद पवार और उद्धव ठाकरे से फोन पर बात की है। कहा जा रहा है कि राज्य की 48 में से 40 सीटों पर सहमति बन चुकी है, लेकिन 8 पर मामला अटक गया है। राज्य के नेताओं का कहना है कि फरवरी के आखिर तक मतभेद दूर कर लिए जाएंगे और गठबंधन का औपचारिक ऐलान भी हो जाएगा।

TMC

TMC से भी कांग्रेस की बातचीत जारी

तृणमूल कांग्रेस (TMC) की नेता ममता बनर्जी ने पहले अकेले ही चुनाव लड़ने का ऐलान किया था। कहा जा रहा था कि पहले TMC कांग्रेस को 2 सीटें देने पर राजी हुई थी, जिसे कांग्रेस ने अस्वीकार कर दिया था। अब दोनों पार्टियां फिर से बातचीत कर रही हैं और दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस को 5 या 6 सीटें मिल सकती हैं। इसके बदले TMC मेघालय और असम में एक-एक सीट मांग रही है।

AAP

AAP के साथ कई राज्यों में गठबंधन का फॉर्मूला तय

कांग्रेस ने आम आदमी पार्टी (AAP) के साथ दिल्ली, गुजरात, गोवा, हरियाणा और असम में सीट बंटवारे का फॉर्मूला लगभग तय कर लिया है। दिल्ली की 7 में से 3 सीटें कांग्रेस को मिल सकती हैं। बदले में कांग्रेस ने गुजरात में AAP को भरूच और भावनगर सीट देने की बात कही है। AAP को हरियाणा और असम में एक-एक सीट मिल सकती है। हरियाणा की गुरुग्राम या फरीदाबाद सीट AAP के हिस्से में आ सकती है।

राज्य

बाकी राज्यों में कैसा है गठबंधन का हाल?

केरल में कांग्रेस और वाम दल एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ेंगे, लेकिन तेलंगाना, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में वाम दल INDIA गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेंगे। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (RJD), कांग्रेस और वाम दल साथ उतरेंगे और यहीं सीटों पर बात जारी है। पंजाब में कांग्रेस और AAP अलग-अलग चुनाव लड़ेंगे। गोवा में AAP दक्षिण गोवा की सीट मांग रही है, लेकिन यहां कांग्रेस का सांसद है, इसलिए कांग्रेस ने इस पर असहमति जताई है।